//

कुंदरकी उपचुनाव: भाजपा-सपा के बीच मुख्य संघर्ष, बसपा से चंद्रशेखर की पार्टी मजबूत

14 mins read

कुंदरकी उपचुनाव में 57.18% मतदान, सपा और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप

कुंदरकी विधानसभा उपचुनाव में बुधवार को 57.18% मतदान हुआ। मतदान प्रक्रिया के दौरान सपा और भाजपा के प्रत्याशियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप ने माहौल को गर्म कर दिया। सपा उम्मीदवार हाजी रिजवान ने पुलिस प्रशासन पर मतदाताओं को रोकने और धमकाने का आरोप लगाया। इस मामले में एक हेड कांस्टेबल को निलंबित किया गया, जबकि आठ पुलिसकर्मियों को ड्यूटी से हटा दिया गया।

सुबह पांच बजे से माॅक पोल किया गया। इसके बाद सात बजे से प्रत्याशियों के प्रतिनिधियों और निर्वाचन अधिकारियों की निगरानी में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हुई। कुल 225 मतदान केंद्रों पर 436 बूथ बनाए गए थे। इसमें 121 को क्रिटिकल थे। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। सुबह 9 बजे तक 13.61% और 11 बजे तक 28.24% मतदान दर्ज किया गया। ठंड के बावजूद धीरे-धीरे मतदाताओं में उत्साह बढ़ता नजर आया। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखी गईं, जहां मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने को लेकर उत्साहित दिखे।

चुनाव प्रक्रिया के दौरान सपा प्रत्याशी हाजी रिजवान ने आरोप लगाया कि पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर मुस्लिम मतदाताओं को रोकने और धमकाने का काम किया। उन्होंने कहा कि बूथ नंबर 275 पर उनके पोलिंग एजेंट को तैनात नहीं होने दिया गया। आरोप लगाया कि केवल भाजपा की पर्चियों के आधार पर ही मतदान कराया जा रहा है। इसके जवाब में भाजपा प्रत्याशी रामवीर सिंह ने सपा पर गलत बयानबाजी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा अपनी हार की आशंका के चलते पुलिस और प्रशासन पर बेबुनियाद आरोप लगा रही है। रामवीर सिंह ने सपा के पिछले कार्यकाल के दौरान मुस्लिम समाज पर दर्ज मुकदमों का जिक्र करते हुए कहा कि जनता का गुस्सा सपा को मुश्किल में डाल रहा है।

सपा प्रत्याशी के आरोपों के बाद निर्वाचन आयोग ने कार्रवाई करते हुए एक हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया। साथ ही आठ अन्य पुलिसकर्मियों को ड्यूटी से हटा दिया गया, जिनमें एक दरोगा, चार हेड कांस्टेबल और तीन कांस्टेबल शामिल हैं। उपचुनाव में मुस्लिम मतदाताओं का रुझान बंटा हुआ नजर आया। आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर की पार्टी, बसपा से अधिक प्रभावी दिखाई दी। वहीं, सपा और भाजपा के बीच सीधी टक्कर दर्ज की गई। चुनाव प्रक्रिया के बीच सुरक्षा और निष्पक्षता को लेकर प्रशासन ने कड़े कदम उठाए। 57.32% मतदान के साथ उपचुनाव के परिणामों पर सभी की निगाहें हैं। राजनीतिक गर्मी और सियासी बयानबाजी के बीच यह देखना दिलचस्प होगा कि कुंदरकी की जनता किसे अपना प्रतिनिधि चुनती है।

Jarees malik

Sarkar Ki Kahani
M: 9997411800, 9719616444

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Latest from Blog