आगरा-ग्वालियर हाईवे के पास खेत में मिली युवती की लाश, गला रेतकर की गई हत्या
आगरा ग्वालियर हाईवे से 50 मीटर की दूरी पर कुर्रा मोड़ के समीप युवती की गला रेतकर हत्या के बाद शव खेत में फेंक दिया गया। सोमवार सुबह शव मिलने पर पहुंची पुलिस ने पहचान के प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। पुलिस ने घटनास्थल से खून से सना चाकू और कपड़ों की पोटली बरामद की है। मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद भी ली जा रही है। ग्रामीणों ने सोमवार सुबह आठ बजे नगला इमली के पास खेत में शव पड़ा देखा। गला रेता गया था। खून से सना चाकू पास ही पड़ा था। पुलिस ने बताया कि युवती पीले रंग का सलवार-सूट, ग्रे स्वेटर पहने थी। उसके हाथ पर सुरेश राहुल गुदा था। हाथ में चूड़ा और गले में मंगलसूत्र भी पहने थी। पुलिस ने फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को भी बुलाया।

कई घंटे तक जांच की गई। मगर, पहचान का कुछ नहीं मिला। घटनास्थल पर संघर्ष के निशान नहीं मिले। युवती के कपड़े अस्त-व्यस्त नहीं थे। पैरों में चप्पल भी पहने थी। उसके गले में दुपट्टा पड़ा था। जिस जगह पर शव मिला, वहां से ग्वालियर हाईवे 50 मीटर की दूरी पर है। आशंका जताई गई है कि कोई परिचित युवती को लाया होगा। किसी चार पहिया वाहन का इस्तेमाल हुआ। अचानक उसने हत्या कर शव खेत में फेंक दिया। पहनावे से युवती मध्यम वर्ग की प्रतीत हो रही है। प्रेम संबंध में भी हत्या की जा सकती है।
ग्रुपों पर शेयर किए फोटो
डीसीपी पूर्वी जोन अतुल शर्मा ने बताया कि युवती की उम्र 25-30 साल है। पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। घटनास्थल के पास ही राजस्थान और मध्य प्रदेश की सीमा लगती है। व्हाट्सएप ग्रुपों पर फोटो शेयर किया गया है। आसपास के थानों से भी लापता युवतियों के बारे में जानकारी मांगी गई है।

पहले भी हाईवे पर मिल चुकी हैं लाशें
इससे पहले भी युवती और महिलाओं की हत्या कर हाईवे किनारे शव फेंके जा चुके हैं। तीन साल पहले खंदाैली में यमुना एक्सप्रेस-वे के टोल के पास महिला का शव मिला था। उनकी पहचान नहीं हो सकी। एत्मादपुर में भी हाईवे किनारे दो युवती के शव फेंके गए थे। उनकी भी हत्या की गई थी। मगर, पहचान नहीं हो सकी। इसके साथ ही सिकंदरा में हाईवे और जगदीशपुरा क्षेत्र में जयपुर हाईवे पर शव मिल चुके हैं।