ग्राम प्रधान ने की मंडलायुक्त से लिखित शिकायत
वर्षों से खाली पड़ी थी ग्राम समाज की भूमि, राजस्व विभाग के जिम्मेदार अधिकारीयों पर सांठगांठ का आरोप

मुरादाबाद/कांठ। तहसील कांठ के ग्राम रसूलपुर चौहरा में ग्राम समाज की करोड़ों रुपये की भूमि पर अवैध कब्जे का मामला गर्मा गया है। ग्रामीणों के अनुसार गाटा संख्या 345 की यह भूमि पिछले 40–50 वर्षों से खाली पड़ी थी, जिसे अब गांव के कुछ दबंग व्यक्तियों द्वारा कब्जाने का प्रयास किया जा रहा है।

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि यह अवैध कब्जा तहसील और राजस्व विभाग के कुछ अधिकारियों की मिलीभगत से हो रहा है। ग्रामीणों के अनुसार प्रशासन की अनदेखी के कारण यह भूमि दबंगों के लिए आसान निशाना बन गई है।

एक ओर जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बार-बार यह स्पष्ट निर्देश दे चुके हैं कि ग्राम समाज की किसी भी भूमि पर कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख़्त कार्रवाई होनी चाहिए, वहीं दूसरी ओर स्थानीय स्तर पर इन आदेशों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि राजस्व विभाग के कुछ अधिकारी सरकार की नीतियों को धूमिल कर रहे हैं।

ग्रामीणों ने जब इस मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से की तो कार्रवाई के बजाय कथित रूप से उन्हें डराया-धमकाया गया, जिससे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री एवं जिला प्रशासन से इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
