आगरा में किसानों की समस्या पर बहस के बीच नेता की गंभीर स्थिति, अधिकारियों ने कराया भर्ती।
आगरा के विकास भवन में बुधवार को किसानों की समस्या के समाधान के लिए बैठक में किसान नेता श्याम सिंह चाहर ने पेट्रोल पी लिया। यह देखकर अधिकारियों ने उनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उन्होंने सहकारी समितियों की कार्यशैली में गड़बड़ी का आरोप लगाया है।

मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक में किसान नेता मोहन सिंह चाहर ने नोडल अधिकारियों के न मिलने और समस्या समाधान के लिए अधीनस्थों को भेजने पर आपत्ति जताई। इस पर सीडीओ ने नोडल अधिकारियों को स्वयं किसानों की समस्या निबटाने का निर्देश दिया। उन्होंने अगले किसान दिवस से अनुपस्थित रहने वाले नोडल अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही। दोपहर करीब 1:30 बजे सीडीओ एक अन्य मीटिंग में शामिल होने के लिए निकल गईं। इसके बाद श्याम सिंह चाहर ने सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता रविंद्र कुमार को बुलाने की मांग पर अड़ गए।

उन्होंने सहकारी समितियों के माध्यम से विभिन्न प्रकरण में फर्जीवाड़े का आरोप लगाया। कहा कि सहकारी समितियों के माध्यम से बनाए गए 21 गोदामों का 4 करोड़ का भुगतान कर दिया गया है। एक फर्जी सचिव भी पकड़ा गया, जबकि गोदाम का निर्माण नहीं हुआ है। शिकायत पर उनके खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कराया गया। विवाद बढ़ने पर गुस्साए किसान नेता श्याम सिंह चाहर ने अपने साथ लाई कांच की शीशी में भरा पेट्रोल पी लिया, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई।
शिकायत पर जांच के बाद दी गई है तहरीर
सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता रविंद्र कुमार ने बताया कि चिकित्सा अवकाश पर चल रहा हूं। श्याम सिंह चाहर ने एक समिति की शिकायत की थी। जांच के बाद थाने में तहरीर दे दी गई है, मुकदमा थाना स्तर पर लंबित हैं। 21 में से 13 गोदाम बन चुके हैं, 8 का निर्माण चल रहा है।