हमलावरों की संख्या 4-5, भीड़ ने एक आरोपी को पकड़ा और पुलिस के हवाले किया
बरेली में पत्नी से संबंधों को लेकर एक युवक ने शुक्रवार दोपहर अपने ममेरे भाई को सरेआम गोली मार दी। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमलावरों की संख्या चार-पांच बताई जा रही है। इनमें एक को भीड़ ने पकड़ कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। उसके पास तमंचा मिला है। घायल की हालत अब खतरे से बाहर है। कैंट थाने के ठिरिया निजामत खां निवासी आरिफ कर्मचारी भविष्य निधि कार्यालय के पास स्थित एक निजी अस्पताल में नौकरी करता है। शुक्रवार दोपहर तीन बजे आरिफ पास ही कॉर्नर की दुकान पर चाय पी जा रहा था। इसी दौरान उसकी मौसेरा भाई तौहीद वहां पहुंचा। पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई, फिर तौहीद ने तमंचा निकाल कर आरिफ को गोली मार दी। गोली उसके पेट में लगी। आरिफ खून में लथपथ होकर जमीन पर गिर गया। फायर की आवाज सुनकर आसपास भगदड़ गच गई। गोली मारने के बाद तौहीद और उसके साथी भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन असापास के लोगों ने दौड़कर तौहीद को पकड़ लिया।

आरिफ और तौहीद मौसेरे भाई हैं। आरिफ की पत्नी सिमरन का उससे तलाक हो चुका है। इसके बाद सिमरन ने तौहीद से निकाह कर लिया था। उसी के साथ रह रही थी। इसी को लेकर दोनों के बीच तकरार थी। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने तौहीद को गिरफ्तार कर लिया है। उसके साथ अंजाम देने आए साथियों की तलाश की जा रही है। आरिफ की मां परवीन ने रिपोर्ट दर्ज कराने को कोतवाली में तहरीर दी है।
तलाक के बावजूद बार-बार पूर्व पत्नी से मिलने जाता था आरिफ
आरिफ से तलाक के बाद सिमरन ने तौहीद से निकाह कर लिया था। तौहीद दुबई में नौकरी करने चला गया था। तलाब के बावजूद आरिफ बार-बार सिमरन से मिलने जाता था। सिमरन को यह नागवार गुजरता था। उसने कई बार तौहीद से इसको लेकर शिकायत भी की थी। कुछ दिन पहले ही तौहीद दुबई से लौटा था। तीन दिन पहले दोनों पक्षों के लोगों में आमने-सामने बैठकर वार्ता भी हुई थी। शुक्रवार को तौहीद ने वारदात को अंजाम दे दिया।

व्यस्त इलाके में सरेआम फायरिंग से फैली दहशत
कर्मचारी भविष्य निधि कार्यालय के आसपास का इलाका काफी व्यस्त है। पास ही गांधी उद्यान भी है। सिनेमाघर, शॉपिंग कांप्लेक्स और कई निजी अस्पताल भी हैं। शुक्रवार को जब यहां फायरिंग हुई तो आसपास के लोग दहशत में आ गए। आसपास कुछ लोगों ने दुकानों को बंद कर दिया। घटना के बाद यहां काफी देर तक कोतवाली पुलिस तैनात रही। फायरिंग के बाद लोग एक दूसरे से घटना के संबंध में जानकारी लेते रहे। सीओ प्रथम पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि आरिफ का उसकी पत्नी से तलाक हो गया था। इसके बाद से उसकी पत्नी आरिफ के मौसेरे भाई तौहीद के साथ रह रही थी। इसी को लेकर दोनों के बीच रंजिश की बात सामने आई है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में जांच की जा रही है।