मानसिक रोग से पीड़ित थी महिला, इलाज जारी
डॉक्टर बोले – महिला पोस्टपार्टम साइकोसिस की शिकार
पहले कराया झाड़-फूंक, फिर डॉक्टर के पास महिला को लेकर पहुंचे परिजन

मुरादाबाद। कटघर थाना क्षेत्र के जब्बर कॉलोनी में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने अपने 15 दिन के नवजात शिशु को फ्रिज में रख दिया। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर दादी ने उसे समय रहते बाहर निकाला और डॉक्टर के पास ले गई। फिलहाल शिशु सुरक्षित है।
प्रतीकात्मक फोटो

जानकारी के अनुसार, महिला अपने पति और सास-ससुर के साथ रहती है। पति पीतल का काम करता है। बच्चे को फ्रिज में रखने के बाद महिला खुद सोने चली गई। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर दादी जागीं और किचन पहुंचीं, जहां फ्रीजर खोलने पर शिशु अंदर मिला। डॉक्टरों ने जांच कर बच्चे को स्वस्थ बताया।

परिवार ने पहले महिला पर “ऊपरी हवाओं का असर” समझकर झाड़-फूंक कराई, लेकिन कोई फर्क नहीं पड़ा। बाद में परिजनों ने महिला को साइकेट्रिक डॉक्टर के पास ले जाया गया। डॉक्टर कार्तिकेय गुप्ता ने बताया कि महिला पोस्टपार्टम साइकोसिस की शिकार है और इलाज जारी है।विशेषज्ञों का कहना है कि प्रसव के बाद कई महिलाएं पोस्टपार्टम डिप्रेशन या साइकोसिस से गुजरती हैं। समय पर इलाज न मिले तो स्थिति गंभीर हो सकती है।
