अमरोहा (डेस्क)। अमरोहा के डिडौली में लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध करने के उद्देश्य से पानी की टंकी लगवाई गई थी। जिससे क्षेत्रवासियों को साफ-सुथरा पानी मिल सके। विभाग द्वारा करोड़ों की लागत से डिडौली में भी पानी की लगाई गई, लेकिन जल निगम की अनदेखी के चलते टंकी शोपीस बनकर रह गई है।
लगभग 13 वर्ष पूर्व 2011 में जल निगम ने करोड़ों की लागत से पानी की टंकी का निर्माण कराया था। तब लोगों को शुद्ध पेयजल मिलने की आस जगी थी। उस समय जल निगम के कर्मचारियों ने पाइपों के माध्यम से घर-घर टोंटियां भी लगा दी थीं।
कुछ समय तक तो यहां के लोगों को सुबह को लगभग आधा घंटा पानी मिला, लेकिन आधा घंटे मिले पानी को यहां की जनता ने स्टॉक करके जैसे तैसे अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति के प्रयास किए। लेकिन धीरे-धीरे इन टोटियों ने आधा घंटा तक मिलने वाले पानी को भी उगलना बंद कर दिया।
अब गर्मी में पानी की आवश्यकता बढ़ेगी। ऐसी स्थिति में यदि पानी की टंकी से पानी की आपूर्ति नहीं हुई तो यहां के लोगों के लिए पानी की चिंता का सबब जरूर बनेगी। ग्रामीणों ने मांग की कि पानी की आपूर्ति सुचारु रूप से कराई जाए। क्षेत्रीय नागरिक रामवीर प्रजापति, राहुल ठाकुर, एजाजुल हसन, ठाकुर पोपाल ने मांग की है कि टंकी से पानी की आपूर्ति कराई जाए। जिससे ग्रामीणों को साफ-सुथरा पानी मिल सके।