//

बोले भाजपा विधायक, अब मेरी लाश पर चलेगा बाबा का बुलडोजर : रितेश गुप्ता

12 mins read

मुरादाबाद (डेस्क)। स्मार्ट सिटी के नाम पर आए दिन बुधबाजार में अतिक्रमण हटाने को बुलडोजर की कार्रवाई को लेकर आक्रोशित बुधबाजार के व्यापारियों के समर्थन में आए भाजपा के नगर विधायक रितेश गुप्ता ने गुरुवार को नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल से कह दिया कि अब बुलडोजर उनकी लाश पर चलेगा। भाजपा विधायक का आरोप है कि नगर निगम प्रशासन आए दिन भाजपा के मतदाताओं और व्यापारियों का उत्पीड़न कर रहा है।

स्मार्ट सिटी के नाम पर अतिक्रमण हटाने के नाम पर सिर्फ एक वर्ग के व्यापारियों को निशाना बनाया जा रहा है। नगर आयुक्त ने कहा कि ये कार्रवाई शासन के निर्देश पर चल रही है, ऐसे में वह भी इसे नहीं रोक सकते हैं।

नगर विधायक रितेश गुप्ता बुधबाजार के व्यापारियों की समस्याओं को लेकर गुरुवार को नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल से मिले। नगर विधायक का आरोप था कि अतिक्रमण के नाम पर बुधबाजार के व्यापारियों को ही निशाना बनाया जा रहा है। स्मार्ट सिटी के नाम पर व्यापारियों का शोषण कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम के अधिकारी व्यापारियों के साथ धमकाने वाली भाषा का इस्तेमाल करते हैं।

बुध बाजार के अलावा शहर के तमाम अन्य बाजारों में जबरदस्त अतिक्रमण है, वहां भी बुलडोजर की कार्रवाई की जाए। व्यापारियों की लगातार शिकायतों से आहत भाजपा विधायक ने कहा कि अब एकतरफा कार्रवाई की गई तो उनकी लाश पर बुलडोजर चलेगा।

पार्षद से लेकर आम आदमी की शिकायतों की नहीं सुनवाई
नगर विधायक रितेश गुप्ता ने नगर निगम के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि वार्डों की शिकायतों को लेकर पार्षद नगर निगम में भटकते रहते हैं। उनकी समस्याएं सुनने के लिए अधिकारी की नियुक्ति की जाए। स्मार्ट सिटी के कार्यों में लगातार लापरवाही चल रही है।

Trending video

लापरवाह अधिकारियों, ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने भाजपा विधायक को आश्वस्त किया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शासन के निर्देश पर चलाई जा रही है और किसी के साथ अन्याय नहीं किया जाएगा। इस दौरान महापौर विनोद अग्रवाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय शर्मा, गौरव श्रीवास्तव, पार्षद देश रतन कत्याल, गिरीश भंडूला, वीरेंद्र अरोड़ा, सुनील सिक्का भी मौजूद थे।

Jarees malik

Sarkar Ki Kahani
M: 9997411800, 9719616444

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Latest from Blog