हसनपुर। आम का सीजन शुरू हो चुका है। हसनपुर क्षेत्र आम के लिए मशहूर है। यहां से हर विदेशों को आम भेजा जाता है। इस बार भी विदेशों से आम के ऑर्डर मिलने शुरू हो गए हैं। दुबई, हॉलैंड से लेकर मॉरीशस तक से आम खरीदने के लिए आर्डर मिल रहे हैं। जिससे आम उत्पादकों में उत्साह का माहौल है। आम निर्यातक अब आम आपूर्ति की तैयारी में जुट गए हैं। इस बार आम के आकार और वजन में बढ़ोतरी की उम्मीद है। माना जा रहा है कि 15 जून के बाद आम की खेप अरब देशों में भेजी जाएगी।

जिले में करीब 21 हजार हेक्टेयर में आम के बगीचे हैं। इसमें पचास फीसदी से अधिक आम के बगीचे हसनपुर तहसील क्षेत्र में हैं। पिछले साल के मुकाबले इस बार आम की फसल अच्छी है। आम कारोबारी अमर सिंह चौहान का कहना है कि इस बार आम की फसल बेहतर है। विदेशों से आर्डर मिलने शुरू हो गए हैं। आम कारोबारी सुनील कुमार का कहना है कि फिलहाल आम की फसल संतोषजनक है।
उम्मीद के मुताबिक विदेशों से आर्डर मिल रहे हैं। क्षेत्र में दशहरी, लंगड़ा, चौसा प्रजाति प्रमुख हैं। इसके अलावा देसी प्रजाति के आम भी हैं। जैसे न्यादर मनौटा आदि। निर्यातकों की मानें तो सऊदी अरब, कुवैत, दुबई, बहरीन, शारजाह, ओमान, सिंगापुर, नेपाल, हॉलैंड, मॉरीशस और अबुधाबी समेत कई देशों आम का निर्यात किया जाता है। इस बार आम की पहली खेप पंद्रह जून के बाद ही विदेशों को भेजे जाने की उम्मीद है। आम उत्पादक इसकी तैयारियों जुटे हुए हैं।
Trending video
विदेश से खींच लाता है हसनपुर के आम का स्वाद
हसनपुर के आम का स्वाद लोगों को विदेशों से भी खींच लाता है। न्यादर मनौटा आम की प्रजाति का जन्म हसनपुर तहसील के गांव मनौटा में करीब सौ साल पहले जमींदार एवं उस दौर के हकीम युसूफ खां के घर में प्राकृतिक रूप से उगाकर किया गया था। बताते हैं कि इस पेड़ की परवरिश जमींदार के नौकर न्यादर नामक व्यक्ति ने की थी। फल आने पर जमींदार ने अपने गांव मनौटा का नाम एवं नौकर न्यादर का नाम एक साथ मिलाकर इस आम का नाम न्यादर मनौटा रख दिया था।
हसनपुर से इस आम की वैरायटी जनपद बुलंदशहर, बिजनौर, मुरादाबाद, मेरठ, गाजियाबाद के साथ साथ प्रदेश भर में फैल चुकी है। आम उत्पादक समिति के सदस्य आमिर अजीज खां के मुताबिक इस आम का पेड़ हर साल फल देता है। 40 से 50 वर्ष पुराने पेड़ भी अभी खूब फल दे रहे हैं। न्यादर मनौटा आम की एक खासियत यह है कि आम खाने के कई घंटे बाद तक इसकी खुशबू आती रहती है। यह आकार में बेहद छोटा होता है।
हसनपुर एवं अमरोहा के आम के लिए विदेशों से आर्डर मिल रहे हैं। माना जा रहा है कि 15 जून के बाद ही यहां से आम की पहली खेप विदेशों को भेजनी शुरू की जाएगी।
इंशात सैनी आम निर्यातक हसनपुर