आसपास के लोगों के आ जाने के कारण आरोपी फरार
मुरादाबाद। कटघर क्षेत्र में पंडित नगला बाईपास पर रात साढ़े नौ बजे रुपयों के लेनदेन के विवाद में स्कूटी सवार बदमाशों ने इन्वर्टर मिस्त्री को गोली मार दी। गोली लगने से वह घायल हो गया। घटना के समय वह ससुराल जा रहा था। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मझोला थाना क्षेत्र में जयंतीपुर पुलिस चौकी के पास रहने वाले राशिद अली इन्वर्टर मिस्त्री हैं। आठ दिन पहले उसकी शादी हुई थी। पत्नी अपने मायके में थी। राशिद रामपुर के टांडा में काम करने गया था। बृहस्पतिवार रात वह अपनी पत्नी से मिलने ससुराल जा रहा था।

राशिद ने बताया कि वह पंडित नगला बाईपास पर पैदल ही अपनी ससुराल जा रहा था। इस दौरान स्कूटी पर सवार दो युवक आ गए। उन्होंने उसे रोक लिया और धमकी देने लगे कि वह साजिद के रुपये क्यों नहीं दे रहा है। राशिद ने उनसे पूछताछ की तो एक युवक ने तमंचे से राशिद को गोली मार दी।गोली राशिद के हाथ में लगी। इसके बाद आरोपी भाग निकले। राशिद ने फोन कर पत्नी और परिजनों को बुला लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। राशिद ने पुलिस को बताया कि उसने साजिद को अपना प्लाॅट बेचा था। इस प्लाॅट पर 12 लाख का लोन कराया था।
Advertisement

यह रकम राशिद के खाते में आई थी, लेकिन उसमें तीन लाख 75 हजार रुपये राशिद ने रोक लिए थे। उसी रकम को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।