घटना से क्षेत्र में दहशत, पुलिस ने बदमाश की तलाश शुरू की
गाज़ियाबाद : ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र के राजनगर घिटोरा मार्ग स्थित कबाड़ के गोदाम को बंद करते समय बदमाशों ने युवती के पैर में गोली मार दी। पीड़िता के परिजनों ने नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

मंजूर अहमद करीब 4 साल से लोनी के राजनगर घिटोरा मार्ग पर रहते हैं। वह कबाड़ का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी ईरा कबाड़ के गोदाम को बंद कर रही थी। तभी बाइक से दो बदमाश गोदाम पर आए और पिता मंजूर के बारे में पूछने लगे। बेटी ने जानकारी होने से इन्कार कर दिया। तभी एक बदमाश ने उनके बेटी की तरफ फायरिंग कर दी। बदमाश की गोली उनकी बेटी के पैर में लगी।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसीपी लोनी सूर्यबली मौर्य ने बताया कि परिजनों ने अगरौला गांव निवासी प्रदीप, परवीन और सुरजीत पर गोली चलाने की आशंका जताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पूछताछ में पता चला कि मंजूर और आरोपी पक्ष दोनों कबाड़ का काम करते हैं। कबाड़ को सस्ते और महंगे दाम पर बेचने को लेकर दोनों में विवाद चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
