हादसे के बाद घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, गंभीर हालत में कुछ लोग
यूपी के शाहजहांपुर स्थित मदनापुर में भागवत कथा सुनने जाने के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ग्राम प्रधान समेत 12 लोग घायल हो गए। तीन महिलाओं की हालत गंभीर होने पर उन्हें रेफर कर दिया गया है। बुधुवाना के पास ब्रह्मदेव देवस्थान पर भागवत कथा चल रही है। भागवत कथा सुनने जाने के लिए बुधवार को गांव सिकंदरपुरकलां के प्रधान के पुत्र सचिन प्रताप सिंह के ट्रैक्टर-ट्रॉली पर गांव की महिलाओं व बच्चों समेत करीब 30 लोग सवार हुए थे। ट्रैक्टर को गांव का मूलचंद्र चला रहा था। रात करीब आठ बजे ट्रैक्टर गांव से निकला था।

देवस्थान से पहले पन्ना गौटिया के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। बताते हैं कि किसी वाहन अचानक सामने आ जाने के चलते चालक नियंत्रण खो बैठा। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। आसपास के लोगों के सहयोग से लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे में अनीता (38), मुन्नी देवी (60), गुड्डी देवी (58), पवन (17), बेटी देवी (65), वंदना (19), ग्राम प्रधान सीता देवी (46), धनदेवी (55), ज्योति (15) व श्रीपाल (58) को चोट आई है। इनमें अनीता को बरेली व गुड्डी, मुन्नी देवी की राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
