पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, मामले की जांच शुरू
मुरादाबाद : कटघर थाना क्षेत्र के पीतलनगरी में बुधवार रात एक महिला का शव फंदे से लटका मिला। पति ड्यूटी से घर आया तब जानकारी हुई। मायके वालों ने ससुराालियों पर दहेज के लिए परेशान करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। बिलारी डीह निवासी सरिता गुप्ता (27) की शादी संभल जनपद के चंदौसी क्षेत्र के कुलधर निवासी मोनू गुप्ता के साथ पांच साल पहले हुई थी। दंपती के दो बेटे चिराग (4) व दीपक (3) हैं। मां-बाप की मौत के बाद मोनू अपनी मौसी तनु और मौसा आशीष गुप्ता के साथ कटघर के पीतलनगरी में रहने लगा था।
मकान के ग्राउंड फ्लोर पर उसकी मौसी और पहली मंजिल पर मोनू का परिवार रह रहा था। मोनू फर्म में नौकरी करता है। बुधवार रात करीब 12 बजे वह ड्यूटी से लौटा तो सरिता का शव दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका हुआ था। मोनू की सूचना पर उसकी मौसी और मौसा भी आ गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम भी बुला ली। सूचना मिलने पर सरिता का भाई मनीष अपने परिजनों के साथ आ गया। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही मोनू और उसके मौसा-मौसी दहेज के लिए सरिता को परेशान कर रहे थे।

मनीष ने कहा कि उसने दो बार अपनी बहन के इलाज के लिए ऑनलाइन रुपये ट्रांसफर किए थे। कटघर थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जहर खाकर ऑटो चालक ने दी जान
मुरादाबाद सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के नया गांव हरथला में ऑटो चालक पंकज कुमार (44) ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। जहर खाकर आत्महत्या करने वाले ऑटो चालक पंकज कुमार के परिवार में पत्नी गीता उर्फ रानी और बेटा रजत व बेटी नेहा हैं।

पत्नी ने पुलिस को बताया कि बुधवार शाम करीब सात बजे वह बाहर चली गई थीं। बेटा रजत भी ट्यूशन पढ़ने गया था। घर में पंकज कुमार अकेले थे। बेटी की शादी हो चुकी है वह अपनी ससुराल में है। गीता ने बताया कि रात करीब 9 बजे वह घर वापस आईं तो उसके पति उल्टियां कर थे। पूछताछ करने पर बताया कि उन्होंने जहर खा लिया है। वह पंकज को लेकर जिला अस्पताल पहुंची, जहां उपचार के दौरान देर रात मौत हो गई। पत्नी ने बताया कि उसके पति कुछ समय से अवसाद में चल रहे थे, लेकिन वजह नहीं बताई। सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिवारों को सौंप दिया गया है।
