तीन किलो अफीम बरामद महिला तस्कर के खिलाफ जांच जारी
मुरादाबाद की थाना कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय अफीम तस्करी के गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई के तहत महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से तीन किलो 288 ग्राम अफीम बरामद हुई है। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 45 लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार महिला की पहचान झारखंड के हजारीबाग जिले की निवासी हेमवंती देवी उर्फ लखनदास के रूप में हुई है। आरोपी लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त रही है। पुलिस को सूचना मिली थी कि हेमवंती नामक महिला अफीम की एक बड़ी खेप के साथ मुरादाबाद में सक्रिय है।

इस सूचना के आधार पर पुलिस ने क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया और संदिग्ध स्थान पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से अफीम बरामद की, जिसे वह बेचने जा रही थी। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की। इसमें उसने खुलासा किया कि वह झारखंड के हजारीबाग जिले की रहने वाली है और लंबे समय से अफीम तस्करी के धंधे में शामिल है। हेमवंती ने बताया कि वह अफीम को झारखंड से लाकर मुरादाबाद और आसपास के इलाकों में बेचने का काम करती है। इस बार उसने अफीम की खेप को देहरादून से मंगवाया था, जिसे मुरादाबाद में बेचने की तैयारी कर रही थी।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पहले भी कई आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रही है। उस पर मादक पदार्थों की तस्करी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस उसके शेष आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है। इस बात की भी जांच की जा रही है कि उसका संबंध किन-किन अंतरराज्यीय तस्करों और गिरोहों से है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका अफीम तस्करी का नेटवर्क झारखंड, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ है। वह देहरादून से अफीम की मंगवाती थी और मुरादाबाद में बेचती थी। पुलिस को संदेह है कि इस गिरोह में और भी कई लोग शामिल हो सकते हैं। उनकी तलाश की जा रही है।

पुलिस ने महिला तस्कर से पूछताछ के आधार पर उसके नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने कहा कि यह गिरफ्तारी मुरादाबाद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मादक पदार्थों की एक बड़ी खेप को बाजार में पहुंचने से रोका गया है। उन्होंने कहा कि हेमवंती देवी की गिरफ्तारी के बाद मुरादाबाद और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय तस्करों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस पूरी तरह से सतर्क है। आरोपी से पूछताछ के दौरान यह भी सामने आया है कि उसके संपर्क कई अन्य बड़े तस्करों से हैं। जो विभिन्न राज्यों में मादक पदार्थों की तस्करी कर रहे हैं।
पुलिस अब इन तस्करों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। जल्दी ही उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मुरादाबाद और आसपास के क्षेत्रों में अफीम की तस्करी के लिए किन-किन रास्तों का उपयोग किया जा रहा है।
