साऊडीह गांव में 17 दिन की बेटी का गला दबाकर ली जान, आरोपी पिता गिरफ्तार
सोनभद्र के हाथीनाला थाना क्षेत्र के साऊडीह गांव में मंगलवार की देर शाम पिता ने अपने ही हाथों 17 दिन पहले जन्मी बेटी की जान ले ली। गला दबाकर हत्या करने के बाद वह खुद शव लेकर थाने भी पहुंचा। पुलिस ने पिता को गिरफ्तार कर लिया है।साऊडीह गांव निवासी रामरती की पत्नी ने 17 दिन पहले बेटी को जन्म दिया था। कुछ दिन से बच्ची दसमतिया की तबीयत खराब थी। पति-पत्नी उसे दवा कराने के लिए ले जा रहे थे। रास्ते में पती-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर आपस में झगड़ा हो गया। इसी बीच रामरति ने बच्ची को मां की गोद से जबरन छीन लिया। गला दबा कर उसे मौत की नींद सुला दी।

बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान मां चिल्ला रही थी लेकिन पिता को रहम नहीं आया कुछ देर बाद पिता को अपने किए का अहसास हुआ तो वह रोते हुए बेटी का शव लेकर थाने पहुंचा। घटना सुन पुलिस भी सन्न रह गई। हाथीनाला थाना प्रभारी एसपी सिंह ने बताया कि दशहरा के दिन बच्ची पैदा हुई थी। पिता ने ही उसकी हत्या कर दी है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
