महिला के शोर मचाने पर मौके पर जुटे लोग, लेकिन बदमाश भागने में सफल
सिविल लाइंस के हरथला में मंगलवार रात बाजार से लौट रही महिला से बाइक सवार बदमाशों ने सोने के कुंडल लूट लिए। महिला के शोर मचाने पर लोग मौके पर जुट गए, लेकिन उससे पहले ही बदमाश बाइक दौड़ाकर भाग गए। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। सिविल लाइंस क्षेत्र के हरथला इंद्रप्रस्थ कॉलोनी निवासी बलवंत सिंह की परचून की दुकान है। उनकी पत्नी प्रमिला देवी मंगलवार की शाम करीब सात बजे घर के पास मंदिर में पूजा करने गई थीं। पूजा करने के बाद वह हरथला बाजार में सामान खरीदने चली गईं। करीब आठ बजे वह खरीदारी करने के बाद घर लौट रही थीं।

वह हरथला से इंद्रप्रस्थ कॉलोनी को जाने वाले मोड़ पर पहुंची थीं तभी बाइक सवार बदमाश आ गए। एक बदमाश बाइक से नीचे उतरा और महिला के पीछे चलने लगा। उसका साथी बदमाश कुछ ही दूरी पर बाइक स्टार्ट कर बैठा रहा। बदमाश ने झपट्टा मारकर महिला के दोनों कुंडल खींच लिए। इसके बाद वह अपने साथी के साथ बाइक पर बैठकर भाग गया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोगों के साथ उसके परिजन भी आ गए, लेकिन तब तक बदमाश अगवानपुर की ओर भाग गए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता से पूछताछ करने के बाद बदमाशों की तलाश में जुट गई।पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर ने बताया कि बदमाशों की तलाश की जा रही है।
