रोटावेटर की चपेट में आने से इकलौते बेटे की मौत हो गई। परिजनों ने रंजिश में हत्या करने का आरोप लगाया है। चंडौस कोतवाली के गांव नगला पदम निवासी प्रदीप चौहान के इकलौते पुत्र तनुज चौहान (16) की रोटावेटर की चपेट में आने से मौत हो गई। इसी गांव का ट्रैक्टर चालक 21 नवंबर शाम पांच बजे के करीब अपने साथ तनुज को ले गया था। चालक गांव निवासी एक अन्य व्यक्ति के खेत को जोतने के लिए गया था। चालक ट्रैक्टर के पीछे रोटावेटर को लगाकर खेत की जुताई कर रहा था। खेत मालिक भी वहीं बैठा था। बताया जाता है कि तभी तनुज ने जुताई के दौरान पीछे से रोटावेटर पर बैठने प्रयास किया तो वह उसकी चपेट में आ गया। रोटावेटर से उसका पूरा शरीर कट गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

परिजनों को घटना की जानकारी खेत के आसपास रह रहे कुछ लोगों ने शाम करीब 6 बजे दी। मौके पर काफी संख्या में लोग खेत पर पहुंच गए। वहां देखा कि तनुज का शव खेत पर पड़ा था। तब तक चालक ट्रैक्टर वहां से फरार हो गया था। इकलौते पुत्र का शव देखकर परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था। महिलाएं बार बार बेसुध हो रहीं थीं। घटना को लेकर लोगो में काफी आक्रोश है। पुलिस ने जैसे-तैसे लोगों को शांत किया।

परिजनों की सूचना पर पहुंचे चंडौस कोतवाल हरिभान सिंह ने शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक तनुज अपने माता पिता का इकलौता पुत्र था, दो बहनों में बीच का था। परिजनों ने ट्रैक्टर चालक व उसके पिता के खिलाफ रंजिश में पुत्र की रोटावेटर से काट कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने बताया कि परिजनों ने जो तहरीर दी है, उसके आधार पर जांच में जो भी सत्यता निकलेगी, उस पर कार्रवाई होगी।