कहासुनी के बाद चाकू से किया हमला, परिजनों ने आरोपी को सौंपा पुलिस के हवाले।
मंसूरपुर में दिल्ली-दून हाईवे स्थित होटल में विवाह समारोह के दौरान कमरे में बैठी दुल्हन के चेहरे पर उसके रिश्ते के भाई ने ही कहासुनी के बाद चाकू से हमला कर घायल कर दिया। परिजनों ने आरोपी को पकड़कर पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। दुल्हन का उपचार कराया गया पर दूल्हा पक्ष ने फेरे लेने से इनकार कर दिया। चार दिन में शादी पर फैसला करने पर सहमति बनीं। शामली के कस्बा कैराना निवासी युवती की शादी सहारनपुर के देवबंद निवासी युवक के साथ तय हुई। दोनों परिवारों ने दिल्ली-दून हाईवे स्थित होटल को बुक किया था। सोमवार को परिजन दुल्हन को लेकर होटल में पहुंच गए थे। बाद में दूल्हा पक्ष भी पहुंच गया।

शादी की रस्में चल रही थी। इस दौरान दुल्हन को परिजन होटल के कमरे में बैठाकर शादी के अन्य काम में व्यस्त हो गए। इसी दौरान दुल्हन के रिश्ते का भाई दुल्हन के कमरे में जा पहुंचा और बात करने लगा। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोपी ने चाकू से दुल्हन के चेहरे पर दो तीन वार कर उसे घायल कर दिया। दुल्हन की चीख पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्होंने युवक को पकड़ लिया। उसकी पिटाई भी कर दी।
हमले की जानकारी मिलते ही होटल संचालक व कर्मचारी मौके पर पहुंचे। होटल संचालक अनिल शर्मा ने बताया कि मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। उधर, घायल दुल्हन को परिजनों ने निजी अस्पताल में उपचार दिलाया और दुल्हन को वापस शादी के लिए ले गए। सीओ खतौली राम आशीष यादव ने पहुंच कर मामले की जानकारी ली। अस्पताल में दुल्हन से बातचीत की। परिजन उपचार के बाद दुल्हन को शादी के लिए वापस ले गए है। दुल्हन के वापस पहुंचने पर दूल्हे पक्ष ने फिलहाल शादी से इंकार कर दिया। उनका कहना था कि यह बात स्पष्ट होनी चाहिए कि आरोपी ने दुल्हन पर हमला क्यों किया है। देर रात तक दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी। तय किया गया कि चार दिन बाद शादी पर फैसला होगा।

आरोपी ने दुल्हन को बताया बहन
एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत का कहना है कि आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल वह हमला करने से इनकार कर रहा है। वह दुल्हन को अपनी बहन बता रहा है। दुल्हन ने आरोपी युवक पर हमला करने का आरोप लगाया है। परिजनों ने तहरीर नहीं दी है।
पहले आरोपी ने की थी वीडियो कॉल
पुलिस का कहना है कि आरोपी युवक, दुल्हन का रिश्ते का भाई है। उसके परिजन शादी में नही आए थे। वह अकेला ही आया था। दुल्हन ने बताया है कि युवक ने पहले उससे वीडियो कॉल कर बात की थी। इसके बाद वह उसके पास आ पहुचा था।