युवती की पहचान नहीं हो पाई, शव के पास कंबल, कुर्ती और चुन्नी बरामद
बरेली के फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र में एक युवती की हत्या कर शव फेंक दिया गया। मंगलवार शाम को उसका शव गांव टिसुआ के समीप खेत में पड़ा मिला। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। इस पर थाना पुलिस पहुंच गई।

जानकारी होने पर एसएसपी अनुराग आर्य और एसपी उत्तरी मुकेश मिश्रा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। युवती की उम्र करीब 22 साल बताई जा रही है। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम ने छानबीन कर साक्ष्य जुटाए हैं। युवती के गले और हाथ पैर पर धारदार हथियार से काटने के निशान हैं। शव के पास से कंबल कुर्ती और चुन्नी बरामद हुई है।

युवती की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मृतका की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। आशंका है कि युवती की हत्या कहीं और हुई है, शव लाकर यहां फेंका गया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच पड़ताल कर रही है।