पुलिस और प्रशासन ने तीन स्तर की सुरक्षा व्यवस्था लागू की, चप्पे-चप्पे पर तैनात जवान।
जुमे की नमाज को लेकर संभल में पुलिस-प्रशासन अलर्ट है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस और फोर्स का पहरा है। तीन लेयर सुरक्षा व्यवस्था बनाई गई है। जामा मस्जिद पर कड़ा पहरा रहेगा। अधिकारी भ्रमणशील रहेंगे। एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई का कहना है कि एहतियाती तौर पर चौकसी बरती जा रही है। मुरादाबाद रेंज के सभी जिलों से फोर्स बुलाई हुई है। इसके अलावा आरआरएफ, आरएएफ और पीएसी की 10 कंपनी शहर के प्रमुख स्थानों पर तैनात हैं।

24 नवंबर को जामा मस्जिद सर्वे के दौरान हुए बवाल के बाद से चौकसी बरती जा रही है। शहर में शांति का माहौल है, लेकिन पुलिस की निगरानी और सतर्कता बरकरार है। एसपी ने बताया कि जामा मस्जिद पर तीन लेयर सुरक्षा रहेगी। जामा मस्जिद जाने वाले दो रास्तों पर बैरिकेडिंग की हुई है। वहां फोर्स को लगाया हुआ है। नमाज अदा करने के लिए लोग पैदल ही जाएंगे। वाहन जामा मस्जिद के आसपास पार्क नहीं कराया जाएगा। इसके लिए सभी अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है।
ड्रोन से होगी जामा मस्जिद और आसपास के इलाके में निगरानी
बवाल के बाद से शहर में पुलिस प्रशासन द्वारा एहतियाती तौर पर सतर्कता बरती जा रही है। इसमें ड्रोन से निगरानी भी शामिल है। जुमा नमाज के दौरान ड्रोन से जामा मस्जिद और उसके आसपास इलाके में निगरानी की जाएगी। एसपी ने बताया कि शहर के सभी कैमरे चालू हैं और उनके माध्यम से भी निगरानी बरकरार है।

अपने अपने क्षेत्र की मस्जिद में नमाज अदा करें लोग : एसपी
एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि संभल शहर के आसपास के देहात क्षेत्र में पुलिसकर्मियों ने जिम्मेदार लोगों से संवाद किया है। जिसमें अपने अपने गांव की मस्जिद में ही नमाज अदा करने की अपील की गई है। एसपी ने कहा कि उलमा से भी लगातार यही अपील कराई जा रही है। जिससे जामा मस्जिद पर अनावश्यक भीड़ न पहुंचे। जो लोग मस्जिद के आसपास के नमाज अदा करते चले आ रहे हैं वही लोग नमाज अदा करें। धारा 163 लागू है इसलिए उसका भी पालन कराया जाना आवश्यक है।