आरोपी मौके से फरार: कार छोड़कर भागे आरोपी, पुलिस तलाश में जुटी।
पिलखुवा(हापुड़) में एलिवेटेड फ्लाईओवर के नीचे हाईवे-09 पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियों ने बाइक सवार दो युवकों जोनी (32) और राहुल (35) निवासी सर्वोदय नगर को टक्कर मार दी। भागने के दौरान कार सवार ने दोनों को करीब डेढ़ किलोमीटर तक घसीटा, जिससे दोनों की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी कार को छोडकऱ फरार हो गए। इससे पहले अनियंत्रित कार ने अन्य वाहनों में भी टक्कर मारी जिसमें चार लोग घायल हो गए। इनमें से एक की हालत गंभीर है। पुलिस कार के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बृहस्पतिवार की देर शाम हापुड़ की ओर से एक स्कॉर्पियों कार तेज गति से आ रही थी। अनियंत्रित कार ने सडक़ किनारे खड़े युवक को टक्कर मार दी और पिलर संख्या 81 के पास से यू टर्न लेकर वापस भागने के चक्कर में तेज गति से कार दौड़ा दी। चंडी मंदिर चौहारे के पास कार ने तीन अन्य कारों को टक्कर मारते हुए दो बाइकों पर सवार सर्वोदय नगर निवासी राहुल और न्यू सर्वोदय नगर निवासी जोनी को टक्कर मार दी।
इसके बाद भी कार चालक ने कार को नहीं रोका। टक्कर बाद कार दोनों को घसीटते हुए करीब डेढ़ किलोमीटर तक ले गई। उन्हें बचाने के चक्कर में पूर्व सभासद मनोज हैडली, बंटी तोमर और विशांत तोमर भी घायल हो गए। इसके बाद घटना के बाद कार सवार कार को हाईवे किनारे छोड़ भाग निकले। मौके पर मौजूद लोगों ने कार में फंसे दोनों युवकों को निकालकर अस्पताल भिजवाया, जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया।

कार की टक्कर से सबसे पहले घायल हुए अज्ञात युवक की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। पुलिस उसकी पहचान का प्रयास कर रही है। घटना के बाद सैंकड़ों लोग मौके पर जुट गए और घटना को लेकर रोष प्रकट किया। सीओ अनीता चौहान ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत किया।
कार में बताए जा रहे दो युवक
प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो कार में दो युवक सवार थे जो नशे की हालत में थे। दोनों कार को छोडकऱ फरार हो गए। कार की जांच करने पर उसे में गिलास और नमकीन के पाउच पड़े बताए जा रहे हैं। मृतक जोनी बिरयानी का ठेला लगाता था जबकि राहुल का आढ़त का काम था।
Trending Video
निडोरी गांव निवासी की बताई जा रही कार
कार को कब्जे में लिया गया है। रजिस्टेशन नंबर के आधार पर कार निडोरी निवासी व्यक्ति के नाम दर्ज है। पुलिस टीम को गांव भेजा गया है, आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
-अनीता चौहान, सीओ पिलखुवा