हुसैन के नाम पर 2020 में दिल्ली के पते से बनवाया फर्जी पासपोर्ट
संभल बवाल की साजिश में शामिल होने को लेकर चर्चा में आए वाहन चोर शारिक साटा ने हुसैन के नाम से फर्जी पासपोर्ट बनवाया था और इसी पासपोर्ट पर दुबई भागा है। यह पासपोर्ट उसने वर्ष 2020 में दिल्ली के पते पर जारी कराया था। इसके बाद वह दुबई से अपनी गिरोह को ऑपरेट कर रहा है।

एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि जिस पासपोर्ट की जानकारी सामने आई है उस पासपोर्ट पर हुसैन नाम लिखा है। जो वर्ष 2020 में दिल्ली के फर्जी पते के जरिए बना है। एसपी ने बताया कि पूरे देश में शारिक साटा के खिलाफ 54 मुकदमे दर्ज हैं। जिसमें संभल के नखासा थाने में 12 और संभल कोतवाली में एक मामला दर्ज है। बाकी मुदकमे दूसरे जिले व प्रदेश में दर्ज हैं। बताया कि जो मुदकमे दर्ज हैं उसमें डकैती, लूट, चोरी, गैंगस्टर व अन्य संगीन मामलों के शामिल हैं। संभल में दर्ज मुकदमों की स्थिति को दिखवाया जा रहा है। जो भी प्रभावी कार्रवाई हो सकती है वह की जाएगी। गिरोह के सदस्यों की तलाश के लिए भी टीम को लगाया गया है।

गिरोह के ज्यादातर सदस्य संभल निवासी
वर्ष 2022 में नखासा थाना पुलिस ने शारिक साटा गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार किए थे। आरोपियों ने पूछताछ में बताया था कि उन्होंने एक वर्ष में 300 से ज्यादा लग्जरी कारें चोरी की हैं। सभी कारें दिल्ली, एनसीआर से चोरी करने की भी बात कही थी।आरोपियों ने यह भी बताया था कि वह डिमांड के अनुसार कार चोरी कर लाकर देते हैं। तत्कालीन एसपी चक्रेश मिश्रा ने दुबई से गिरोह का संचालन कर रहे शारिक साटा के खिलाफ कार्रवाई के लिए भी पत्राचार किया था।