ट्रक पलटने से दो बाइकों पर सवार मां-बेटे सहित तीन लोग दबे
हाथरस के अलीगढ़-आगरा बाईपास के हतीसा पुल पर 1 जनवरी को अचानक सामने से आए बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चालक ट्रक पर नियंत्रण खो बैठा। बेकाबू हुआ ट्रक पुल की रेलिंग तोड़ता हुआ सर्विस पर गिरकर पलट गया। इस दौरान वहां से गुजर रहे दो बाइकों पर सवार मां-बेटे सहित तीन लोग ट्रक के नीचे दब गए और मौके पर ही इनकी मौत हो गई।

पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने तीन क्रेन की मदद से शवों को ट्रक के नीचे से निकाला। ट्रक में ग्रेफाइट की कटोरियां लदी थीं। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। हादसा 1 जनवरी दोपहर करीब एक बजे हुआ और इसमें मरने वालों की पहचान विजयपाल (40), उनकी मां रेशमी देवी (65) निवासी खजूरिया थाना मुरसान हाथरस और रामवीर (43) पुत्र चोब सिंह निवासी बेरनी थाना जलेसर एटा के रूप में हुई है। रेलवे में अवर अभियंता रामवीर फिलहाल रेलवे कॉलोनी राची बागर मथुरा में रह रहे थे। हादसे के वक्त वह अपनी भतीजी राजमाला के रिश्ते के लिए लड़का देखने बाइक से मथुरा से सासनी क्षेत्र के गांव रूहल जा रहे थे। रोजगार सेवक विजयपाल अपनी मां के साथ खेत को लेकर तहसील में चल रहे मुकदमे की तारीख पर जा रहे थे। हादसे के बाद सर्विस रोड पर यातायात बाधित हो गया और मौके पर काफी भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना पर एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा, एडीएम वित्त एवं राजस्व डॉ. बसंत अग्रवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हतीसा मोड़ पर अचानक एक मोटरसाइकिल को बचाने के दौरान ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।-चिरंजीव नाथ सिन्हा, एसपी