लुटेरे पुलिस की नाकाबंदी को चकमा देकर हुए फरार, संदिग्धों से पूछताछ जारी।
यूपी के अयोध्या में भेलसर में पुराना ट्रैक्टर खरीदने आए लखीमपुर के किसान से बाइक सवार दो युवकों ने 4.30 लाख रुपये लूट लिए। घटना के बाद पुलिस की नाकाबंदी भी काम नहीं आई। लुटेरे भागने में सफल रहे। फ़िलहाल पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। कोतवाली रुदौली के भेलसर में एक ट्रैक्टर एजेंसी से पुराना ट्रैक्टर खरीदने के लिए लखीमपुर जिले के कोतवाली मोहम्मदी के मोहल्ला पश्चिमी लखपेड़ा निवासी खालिद बस से आए थे। बस से उतरकर भेलसर के पास वह लघुशंका करने लगे।

बैग लूटकर अयोध्या की तरफ भाग गए
इस बीच बाइक सवार दो युवक पहुंचे और रुपयों से भरा उनका बैग लूटकर अयोध्या की तरफ भाग गए। बैग में 4.30 लाख रुपये बताए गए हैं। शोर मचाते हुए उन्होंने बाइक सवारों का पीछा किया, लेकिन सफलता नहीं मिली तो पुलिस को सूचित किया।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने भी सर्किल के सभी थानों में नाकेबंदी की और दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है। कोतवाल संजय मौर्य ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। संदिग्धों की धरपकड़ और पूछताछ जारी है। हाईवे व आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।