पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत कैमरा फुटेज से तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
कानपुर में बिधून के रमईपुर में हुए मोटर मकैनिक मोहम्मद शहाब उर्फ सोनू (38) की हत्या चोरी के इरादे से मार्केट में घुसे शातिरों ने की थी। चोरी करने वालों में मार्केट मालिक व सेवानिवृत्त अधिशासी अभियंता रवि शंकर गुप्ता का पूर्व चालक और उसका भाई भी शामिल था। चोरी के लिए घुसने के बाद जब उन्होंने शहाब को देखा तो डर गए कि कहीं पहचान उजागर न हो जाए। पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत लगे कैमरों की फुटेज की मदद से हमीरपुर के दो सगे भाईयों समेत तीन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। जाजमऊ निवासी मोटर मकैनिक मोहम्मद शहाब उर्फ सोनू उरियारा स्थित न्यू औतार मोटर्स में मकैनिक था।

अज्ञात के खिलाफ दर्ज हुई थी हत्या की रिपोर्ट
गैराज के लिए जगह देखने के लिए वह रमईपुर स्थित आवास विकास निवासी रविशंकर गुप्ता की निर्माणाधीन मार्केट में संचालित चार्जिंग सेंटर में 5 जनवरी की रात रुक गया था। अगले दिन उसका रक्तरंजित शव पड़ा मिला। पुलिस ने मामले में मृतक के भाई की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
संदिग्ध कार कई बार दिखाई दी
छानबीन के दौरान एक संदिग्ध कार घटनास्थल के आसपास आती हुई कई बार दिखाई दी। कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पुलिस बकतोरीपुरवा के राजेंद्रनगर निवासी नवनीत कुमार पांडेय तक पहुंच गई। कड़ाई से पूछताछ के दौरान नवनीत ने अपने मित्र हमीरपुर के रमेडी निवासी महेंद्र उर्फ पुनीत व उसके भाई पुष्पेंद्र सिंह उर्फ पिंटू के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात कबूली।

तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेजा
बताया कि वह कार से रमईपुर स्थित रविशंकर गुप्ता की मार्केट में चोरी करने गए थे। पहचान न हो सके, इसलिए तीनों ने उसके सिर पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। इसके बाद दुकान में रखा सामान चोरी करके भाग निकले। पुलिस ने मामले में तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
दोनों सगे भाई मकान मालिक के यहां कर चुुके थे काम
पूछताछ में पुष्पेंद्र ने बताया कि वह पिछले कई साल से रविशंकर गुप्ता के यहां ड्राइवरी करता था। पिछले माह ही कहीं और काम मिलने की बात कहकर काम छोड़ दिया था। वहीं, उसका छोटा भाई महेंद्र मकान निर्माण के दौरान वहां पर मजदूरी कर चुका था। इसी वजह से वह मार्केट में चोरी से घुसने व भागने के रास्ते जानते थे।
दो घंटे में चार बार घटना स्थल के आस पास गुजरी कार
एडीसीपी साउथ महेश कुमार ने बताया कि जब घटना स्थल के स्थित एसबीआई बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो एक कार 12.30 से 2.30 के बीच चार दफे आती जाती दिखी। आगे के सीसीटीवी कैमरे खंगालते हुए टीम बर्रा के बकतोरीपुरवा तक पहुंच गई। वहां पूछताछ के दौरान कार नवनीत पांडेय की होने की बात सामने आई।

यह था मामला
बिधनू के रमईपुर में नगर पंचायत में अधिशाषी अभियंता पद से सेवानिवृत आवास विकास हंसपुरम निवासी रविशंकर गुप्ता की निर्माणाधीन मार्केट में ई रिक्शा चार्जिंग सेंटर खोल रखा है। सोमवार सुबह जाजमऊ निवासी मोटर मैकेनिक मो. शहाब उर्फ सोनू (38) का खून से सना हुआ शव चारपाई में पड़ा हुआ मिला था। छोटे भाई नायाब ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।