मृतक के भाई ने पत्नी पर हत्या का आरोप लगाया, पुलिस ने शुरू की जांच
एटा के थाना जलेसर के गांव बलेसरा में पंजाब से लौटकर आया एक युवक शुक्रवार रात चारपाई पर मृत अवस्था में मिला। मृतक के भाई ने पत्नी पर हत्या कराने का आरोप लगाया है। सूचना पर पुलिस के साथ ही फील्ड यूनिट, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने जांच-पड़ताल कर सबूत जुटाए।

हाल ही में आया था भाई
गांव बलेसरा निवासी सफी मोहम्मद ने बताया कि हम लोग पंजाब में रहकर पौधे बेचने और लगाने का काम करते हैं। पंजाब में ही हमारे तहेरे भाई की गिरने से मौत हो गई थी। उसका शनिवार को चालीसवां होना था। इसी में शामिल होने के लिए छोटा भाई आस मोहम्मद शुक्रवार को घर लौटा था।
बेहोश पड़ा था भाई
रात में उसकी पत्नी के रोने की आवाज सुनकर हम लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि चारपाई पर भाई अचेतावस्था में पड़ा हुआ है। उसको लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलेसर पर पहुंचे। यहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।

पत्नी ने की है भाई की हत्या
सफी मोहम्मद ने आरोप लगाया है कि भाई की पत्नी तरतीला ने ही उसकी हत्या कराई है। कमरे में इन दोनों पति पत्नी के अलावा कोई नहीं था। भाई के गले और पीठ पर नीले निशान भी हैं, जिससे पता चल रहा है कि चोटें पहुंचाकर भाई की हत्या की गई है।
पोस्टमार्टम से खुलेगा राज
सीओ जलेसर नितीश गर्ग ने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता लग सकेगा। वहीं फील्ड यूनिट, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। जांच में जो भी तथ्य निकलकर सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
Trending Video
माैके पर कहानी कुछ और कर रही बयां
भाई के आरोप मारपीट और हत्या करने के हैं, लेकिन पुलिस को मौके पर इस तरह के सबूत नहीं मिले हैं। पूरा कमरा, चारपाई आदि व्यवस्थित ढंग से मिले। हालांकि, मृतक के शरीर पर चोटों के निशान अलग कहानी बयां कर रहे हैं। इन दोनों विरोधाभासी परिस्थितियों को लेकर पुलिस भी असमंजस में है।