सूचना देने वाले का नाम गुप्त, आरोपी की तलाश में कई शहरों में दबिश
यूपी की राजधानी लखनऊ में नाका स्थित होटल शरनजीत में पत्नी और चार बेटियों की हत्या करने के आरोपी बदर को अब तक पुलिस नहीं पकड़ सकी है। सोमवार को पुलिस ने बदर के खिलाफ 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।डीसीपी मध्य रवीना त्यागी ने बताया कि पुलिस ने कोर्ट से गैर जमानती वारंट भी हासिल किया था। इसके अलावा सोशल मीडिया पर बदर की फोटो जारी की थी। जनता से मदद मांगी थी। बदर की सूचना देने वाला का नाम गुप्त रखा जाएगा। बताया कि आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें लखनऊ, फिरोजाबाद, आगरा समेत अन्य शहरों में दबिश दे रही हैं। पर खाली हाथ हैं।

कानपुर में एटीएम से निकाले थे आखिरी बार रुपये
बदर को आखिरी बार कानपुर रेलवे स्टेशन के पास देखा गया था। उसने वहां एटीएम बूथ से कुछ रुपये निकाले थे। बैंक से पुलिस को इसका अलर्ट मिला था। इसके बाद उसकी कोई लोकेशन नहीं मिली। असल में बदर के पास कोई मोबाइल फोन नहीं है, तो उसकी सही लोकेशन ट्रेस करने में कठिनाई आ रही है।

यह है पूरी घटना
आगरा के इस्लामनगर टेढ़ी बगिया कुबैरपुर निवासी अरशद ने पिता बदर के साथ मिलकर मां अस्मा (49), बहनें अल्शिया (19), रहमीन (18), अक्सा (16) और आलिया (9) की 31 दिसंबर की देर रात होटल में हत्या कर दी थी। आरोपी 30 दिसंबर को लखनऊ आए थे। दो दिन के लिए होटल का कमरा बुक कराया था। अरशद ने इस दौरान वीडियो बनाकर वायरल भी किया था। वारदात के बाद अरशद ने सरेंडर कर दिया था, जबकि बदर भाग निकला था।