नगला रमिया गांव में पुलिस कर्मियों पर ग्रामीणों का हमला, थप्पड़ से हुआ विवाद
सिकंदराराऊ में कासगंज रोड के गांव नगला रमिया में 12 जनवरी रात 8:00 बजे पुलिस कर्मियों को उस समय लेने के देने पड़ गए, जब वह मिट्टी चोरी के मामले में आरोपियों को पकड़ने गांव गए थे। ग्रामीणों का आरोप है कि अगसोली पुलिस चौकी कर्मियों ने गांव के एक वृद्ध को बेवजह थप्पड़ जड़ दिया था, जिससे लोग भड़क गए। इसके बाद कुछ लोगों ने पुलिस कर्मियों को दौड़ा लिया, कुछ पुलिस कर्मियों को पीटा, जिससे वह घायल हो गए। उनकी वर्दी फाड़ दी। हालात ये हो गए कि पुलिस को मौके पर अपनी जीप छोड़ कर भागना पड़ा। पुलिस टीम के साथ जमकर धक्कामुक्की और दुर्व्यवहार हुआ। पुलिस ने दुर्व्यवहार की बात तो स्वीकार की है, लेकिन मारपीट की घटना से इन्कार किया है। इस मामले में पुलिस की ओर से दुर्व्यवहार की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।

सीओ सिकंदराराऊ श्यामवीर सिंह ने बताया कि कासगंज रोड पर बन रहे हाईवे की मिट्टी को कुछ लोग चोरी कर ले गए थे। हाईवे बना रही फर्म के लोगों ने कुछ ग्रामीणों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रविवार की रात्रि अगसोली पुलिस चौकी कर्मी इस मामले की जांच करने गांव नगला रमिया गए तो वहां पर कुछ लोगों ने विवाद खड़ा कर दिया। विवाद इतना बढ़ गया कि पुलिसकर्मियों को घटनास्थल से अपनी जान बचाकर जीप छोड़कर भागना पड़ा। बाद में घटना की सूचना पर एडिशनल एसपी अशोक कुमार मय फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। प्रकरण के संदर्भ में बताया कि जिन लोगों ने पुलिस के साथ दुर्व्यवहार धक्कामुक्की की है, उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इधर ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस कर्मी ने एक वृद्ध ओमकार सिंह को थप्पड़ मार दिया था, जिससे उनके सीने में दर्द हो गया। इसी से आक्रोशित होकर ग्रामीण पुलिस के खिलाफ हो गए। वृद्ध को बचाने के दौरान पुलिस के साथ धक्का-मुक्की हुई। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

इस मामले में दो मुकदमे दर्ज हुए हैं। एक मुकदमा कोतवाली सिकंदराराऊ के उपनिरीक्षक यतेंद्र सिंह तेवतिया ने छह नामजद और 8-10 अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज कराया है। इसमें उन्होंने कहा है कि उन्हें जानकारी मिली कि अभियुक्त विकास द्वारा जेसीबी से नेशनल हाईवे से मिट्टी चोरी कर ले जाई जा रही है। चूंकि वह व्यस्त थे, इसलिए उन्होंने कांस्टेबल दिनेश बाबू व दीपक को मौके पर भेजा। विकास मौके से जेसीबी से मिट्टी उठा रहा था। दोनों कांस्टेबल ने उसे ऐसा करने से रोका तो वह जेसीबी को अपने घर की तरफ लेकर भागा। वह जेसीबी को लेकर अपने गांव पहुंच गया और शोर मचा दिया, जिससे उसके परिवार व मोहल्ले के सतेंद्र, धर्मवीर, संगीता देवी, राजू, देवेंद्र सहित आठ-10 अज्ञात लोगों ने लाठी-डंडे लेकर पुलिस पार्टी पर हमला कर दिया, जिसमें कांस्टेबल दीपक को काफी चोटें आईं। दोनों पुलिस कर्मियों की वर्दी फाड़ दी गई। उसके बाद वह खुद मौके पर पहुंचे और बमुश्किल पुलिस कर्मियों को भीड़ के बीच से निकाला।
Trending Video
दूसरा मुकदमा सियाराम कुमार निवासी माडनपुर थाना सिविल जिला गया बिहार ने दर्ज कराया है। उन्होंने कहा है कि वह मथुरा-बरेली मार्ग पर मिट्टी डलवाने के कार्य का सुपरविजन करते हैं। 12 जनवरी को सिंहपुर के सामने करीब सवा छह बजे विकास यादव निवासी नगला रमिया चोरी से जेसीबी से एनएच पर पड़ी मिट्टी को खोदकर रवि निवासी खेमगढ़ी के मकान में डलवा रहा था। सूचना पाकर वह मौके पर पहुंचे और हाईवे पर मिट्टी उठवाने से मना किया तो उनके साथ विकास व रवींद्र ने गाली-गलौज कर मारपीट की और कहा कि इधर आया तो जान से मार देंगे। निर्माणाधीन एनएच पर मिट्टी डाली जा रही थी, जिसे गांव के कुछ लोग भरकर ले गए थे। मौके पर पुलिस कर्मी भेजे गए तो ग्रामीणों ने पुलिस फोर्स पर हमला किया। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया।-चिरंजीव नाथ सिन्हा, पुलिस अधीक्षक।