परिजनों ने दर्ज कराई थी रिपोर्ट, युवक पर हत्या का शक
नौ दिन से लापता दसवीं की छात्रा का शव गांव के ही तालाब में पड़ा मिलने से खलबली मच गई। लोगों ने शव पड़ा देख इसकी सूचना को दी। पुलिस शव को निकलवाकर उसकी शिनाख्त कराई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पांच दिन पहले उन्होंने एक युवक पर बेटी को ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

आटा थाना क्षेत्र के अकबरपुर इटौरा निवासी मतोल की 16 वर्षीय पुत्री रिंकी देवी इटौरा इंटर कॉलेज में दसवीं की छात्रा थी। 9 जनवरी को वह गायब हो गई थी। तब पिता ने थाना पुलिस को तहरीर देकर चुर्खी थाना क्षेत्र के बावई गांव निवासी कल्लू पर ले जाने का आरोप लगाकर तहरीर दी थी। इसके साथ ही गांव के ही हरिश्चंद्र व उसकी पुत्री पूजा पर ले जाने में सहयोग करने की बात कही थी। इस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर तलाश शुरू कर दी थी।

शनिवार सुबह रिंकी का शव घर से करीब आधा किलोमीटर दूर गुरु रोपण तालाब में पड़ा मिला। शव देख लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर सीओ एके सिंह थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की। छात्रा के भाई सोनू ने बताया कि उसकी बहन की हत्या कर उसका शव तालाब में फेंका गया है। उसके मुंह से खून भी निकल रहा था। शव करीब पांच दिन पुराना लग रहा है। सीओ एके सिंह ने बताया कि परिजनों से पूछताछ की तो अभी तक कि जांच में सामने आया है कि फ़ोन पर बात करने पर बड़ी बहन ने मारपीट की थी। जिससे वह गुस्सा होकर चली गई थी। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट होगी।