ऋषभ वर्मा ने घर छोड़ा, दोस्तों और पुलिस से न परेशान करने की अपील की
‘मैं जा रहा हूं, मम्मी-पापा मुझे मत ढूंढना, न ही मेरे दोस्तों को परेशान करना, पुलिस को भी मत बताना। मैं अपनी मर्जी से जा रहा हूं, बहुत जल्द फिर वापस आ जाऊंगा।’ कक्षा आठ में पढ़ने वाला 13 साल का ऋषभ वर्मा ये बातें अपनी नोटबुक में लिखकर घर से कहीं चला गया है। शाहपुर क्षेत्र के बशारतपुर के प्रगति विहार निवासी भाजपा के मंडल अध्यक्ष शिशिर वर्मा ने शुक्रवार रात बेटे के लापता होने की जानकारी थाने में दी। पुलिस केस दर्ज कर किशोर की तलाश कर रही है।

भाजपा मंडल अध्यक्ष की तहरीर के अनुसार, शुक्रवार शाम सवा चार बजे उनका बेटा साइकिल से कहीं निकला था। उसके बाद घर नहीं लौटा। घर पर बेटे द्वारा लिखा गया पत्र मिला। बेटे का पत्र पढ़कर वह दंग रह गए। शाहपुर पुलिस आसपास लगे सीसी कैमरे से किशोर की तलाश कर रही है। भाजपा नेता ने बताया कि उनका बेटा पढ़ने में बहुत होनहार है। शनिवार को उसके स्कूल में पीटीएम है। घर छोड़कर क्यों गया है, मिलने पर ही पता चलेगा।
पूर्व विधायक के बेटे भतीजे के पिस्टल सटाकर धमकाया
उधर, गोरखपुर के गहासाड़ की ममता सिंह ने तहरीर देकर पूर्व विधायक जीएम सिंह के बेटे नवनीत और भतीजे धनंजय समेत चार पर मारपीट और पिस्टल सटाकर धमकी देने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। दूसरे पक्ष से इसी गांव के अंकित गिरि ने ममता के पति सतेंद्र सिंह समेत तीन पर ईंट-पत्थर चलाकर घायल करने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है।

पुलिस ने दोनों पक्ष की तहरीर पर केस दर्ज कर तीन लोगों का शांतिभंग में चालान किया है। शुक्रवार को ममता ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि बृहस्पतिवार रात वह दरवाजे पर बैठी थीं। इसी बीच पूर्व विधायक का बेटा व भतीजा समेत अन्य नशे में पहुंचे और पति को गाली देने लगे। विरोध पर घर में घुसकर उपद्रव करने लगे। पूर्व विधायक के भतीजे ने कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली मारने की धमकी दी। शोर मचाने पर पति, देवी और बेटी भी वहां आ गई। विरोध करने पर पूर्व विधायक जीएम सिंह का बेटा नवनीत उर्फ हिमांशु सिंह, भतीजा धनंजय सिंह उर्फ कौशल, आदित्य गिरि, विकास सिंह समेत अन्य ने मारपीट कर घायल कर दिया और असलहा लहराते हुए भाग गए।