हादसे में बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त, लखनऊ के लिए चार घायलों को रेफर किया गया
यूपी के रायबरेली में बछरावां कोतवाली क्षेत्र में रविवार की सुबह कोहरे में कार को बचाने के चक्कर में रोडवेज बस कंटेनर से भिड़ गई। टक्कर से आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। बस पर सवार 20 लोग घायल हो गए। छह लोगों को गंभीर हालत में सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से चार को लखनऊ रेफर कर दिया गया। हादसे से बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। प्रतापगढ़ जिले के थाना लीलापुर क्षेत्र के गांव कटकावली निवासी सुभाष सिंह ( 48) प्रयाग डिपो की बस में सवारियां भरकर प्रयागराज से लखनऊ की ओर जा रहा था। बछरावां थाना क्षेत्र के रायबरेली-प्रयागराज हाईवे पर कुंदनगंज के पास कोहरे में कार को बचाने के चक्कर में कंटेनर से भिड़ गई।

चार लोग गंभीर हालत में रेफर
टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। हादसे में बस चालक के अलावा प्रयागराज निवासी बस परिचालक लल्लन यादव (51), सवारियां जाहिद नगर बुद्धेश्वर लखनऊ निवासी विनीता दीक्षित (40), अयोध्या निवासी सौरभ नारायण ( 25) व शुभम (24), बिहार थाना कैंट लखनऊ निवासी अनीता देवी ( 39) गंभीर रूप से घायल हो गए।

तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी
इसके अलावा 14 अन्य लोगों को मामूली चोटें आईं, जो दूसरे वाहन से गंतव्य को चले गए। घायलों को सीएचसी बछरावां ले जाया गया। डॉक्टर प्रभात मिश्रा प्राथमिक ने उपचार के बाद विनीता, सौरभ, शुभम व अनीता को लखनऊ रेफर कर दिया। कोतवाल ओमप्रकाश तिवारी ने बताया तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।