गांव के बाहर मिला शव, युवक के दुष्कर्म के मामले और विवाद से जुड़ा हो सकता है मामला
बरेली में तीन दिन से लापता युवक का शव बृहस्पतिवार को गांव के बाहर सरसों के खेत में पड़ा मिला। उसकी गला दबाकर हत्या करने के बाद शव खेत में फेके जाने की आशंका जताई जा रही है। वह दुष्कर्म के मामले में जेल जा चुका था। एक महिला से उसके संबंध भी थे। महिला के पति से भी उसका विवाद चल रहा था। शव बरामद होने के बाद पुलिस ने महिला के पति समेत तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है

सीबीगंज थाने के गांव परधौली के एक सरसों के खेत में गांव के कृपांश ने बृहस्पतिवार दोपहर 12 बजे शव पड़ा देखा। उसने इसकी सूचना 112 को दी। सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र गौतम मौके पर पहुंच गए। शव की शिनाख्त परधौली निवासी लोकेश कुमार गंगवार (38) पुत्र छत्रपाल के रूप में की गई। लोकेश तीन दिन से लापता था। लोकेश अविवाहित था और मेहनत-मजदूरी करता था। अक्सर कई-कई दिन के लिए घर से चला जाता था। ऐसे में परिवार वालों ने थाने में गुमशुदगी भी दर्ज नहीं कराई। लोकेश तीन भाई और तीन बहनों में सबसे छोटा था। एक महिला से उसके नाजायज संबंध भी थे। इसको लेकर महिला के पति से भी उसका कई बार विवाद हुआ था। तीन साल पहले वह महिला से दुष्कर्म के मामले में जेल भी जा चुका था। इन दिनों जमानत पर चल रहा था। सूचना पर एसपी सिटी मानुष तारीक, सीओ द्वितीय संदीप सिंह मौके पर पहुंच गए। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर साक्ष्य जुटाए हैं। मृतक के परिवार वालों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है।

घसीट कर खेत में डाला गया शव
आशंका जताई जा रही है कि लोकेश की हत्या किसी अन्य स्थान पर करने के बाद शव सरसों के खेत में फेंका गया होगा। दरअसल, जिस स्थान पर शव मिला है उससे कुछ ही दूरी पर बाइक के पहियों के निशान भी मिले हैं। खेत में शव के आसपास घसीटने के निशान भी मिले हैं। लोकेश के गले पर निशान भी हैं। आशंका जताई जा रही है कि हत्या और शव खेत में फेंकने में एक से ज्यादा लोग शामिल रहे होंगे। फॉरेंसिक टीम को मौके से कुछ क्लू भी मिले हैं। एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि सीबीगंज के परधौली गांव के सरसों के खेत में शव बरामद किया गया है। मृतक दुष्कर्म के मामले में आरोपी था। हत्या करने के बाद शव यहां फेंकने की आशंका है। उसके एक महिला से संबंधों की बात सामने आई है। पुलिस ने पूछताछ के लिए तीन लोगों को हिरासत में लिया है।