लूट से पहले ही पुलिस ने किया एक्शन, तमंचा-कारतूस और मोबाइल बरामद
यूपी : फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में स्वर्णकार को लूट के इरादे से आए बाइक सवार तीन बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हुई। एक बदमाश फरार हो गया, जबकि दो को पुलिस ने पकड़ लिया है। पुलिस ने पकड़े गए दोनों बदमाशों से तमंचा-कारतूस, मोबाइल एवं बिना नंबर की बाइक बरामद की है। पुलिस ने पकड़े गए दोनों बदमाशों को जेल भेजा है।

मंगलवार देर शाम बिना नंबर की बाइक सवार तीन बदमाश मुंह पर कपड़ा बांधकर सर्राफा बाजार में संदिग्ध स्थिति में घूम रहे थे। वह बार-बार बाजार में एक स्वर्णकार की दुकान के चक्कर लगा रहे थे। संदिग्ध बाइक सवारों को देखकर लोगों ने मामले की जानकारी इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार को दी। पुलिस टीम ने बाइक सवार बदमाशों का पीछा किया। बाइक सवार बदमाश पुलिस को देखकर नौशहरा की ओर भागने लगे। पुलिस ने असुआ मोड़ पर उन्हें घेर लिया। खुद को पुलिस टीम से घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायर कर दिए। पुलिस ने बचाव के साथ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बाइक सवार दो बदमाशों को पैर में गोली लग गई और वे घायल हो गए। एक बदमाश मौका पाकर फरार हो गया।
घायल बदमाशों को पुलिस ने उपचार के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया है। पकड़े गए बदमाशों ने पुलिस को अपने नाम अभिषेक यादव निवासी नगला वैध थाना मटसेना एवं आकाश यादव निवासी सारंगपुर थाना फतेहाबाद जनपद आगरा बताया है। पकड़े गए दोनों बदमाशों के पास से पुलिस ने दो तमंचे, दो कारतूस, एक मोबाइल एवं बिना नंबर की बाइक बरामद की है। पकड़े गए दोनों बदमाशों को रिपोर्ट दर्ज करते हुए पुलिस ने जेल भेज दिया है।

बदमाशों के मोबाइल से पुलिस को ऑडियो लगी हाथ
संयुक्त चिकित्सालय में उपचार करवा रहे दोनों बदमाशों ने सीओ प्रवीण तिवारी एवं इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार को बताया कि वह स्वर्णकार हरिओम से लूट करने के इरादे से आए थे। बरामद किए गए मोबाइल फोन में लूट की घटना की योजना की ऑडियो भी मिली है। इसमें एक-दूसरे से बातचीत में पकड़े गए बदमाश स्वर्णकार को गोली मारकर लूट करने की बात कर रहे हैं।
बदमाशों को स्थानीय व्यक्ति ने दी थी जानकारी
स्वर्णकार को गोली मारकर लूटने की योजना में स्थानीय व्यक्ति के होने की भी पुलिस आशंका जता रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार पकड़े गए बदमाश कई दिनों से स्वर्णकार की रेकी कर रहे थे। शहर में रहने वाले आरोपियों के किसी जानकार ने ही उन्हें स्वर्णकार की पूरी जानकारी थी।
Trending Interview
फिरोजाबाद के एसपी ग्रामीण अखिलेश भदौरिया ने बताया कि बाइक सवार तीन बदमाश स्वर्णकार को लूटने की फिराक में थे। बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश गोली लगने से घायल हुए हैं। एक बदमाश मौका पाकर फरार हो गया है। फरार बदमाश की तलाश की जा रही है। पकड़े गए दोनों बदमाशों को जेल भेजा गया है।