तिलक समारोह में नर्तकियों से छेड़खानी, विरोध करने पर ईंट-पत्थर से हमला
क्षेत्र के रायगंज गांव में एक तिलक समारोह के दौरान कार्यक्रम प्रस्तुत कर रही नर्तकियों से छेड़खानी और विरोध करने पर ईंट-पत्थर से हमला करने का मामला सामने आया है। एक नर्तकी की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही एक युवक के खिलाफ नामजद समेत चार-पांच अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। बांसगांव के कौड़ीराम इलाके की रहने वाली युवती की तहरीर के अनुसार, खोराबार के रायगंज में 27 जनवरी को एक तिलक समारोह में उनकी डांस पार्टी गई थी। डांस प्रोग्राम चल रहा था। इसी दौरान गांव का श्रीराम यादव पुत्र नारद यादव व उसके घर के कुछ मनबढ़ युवक स्टेज पर चढ़ कर उसके व साथ में डांस कर रही एक अन्य नर्तकी से छेड़खानी करने लगे। मना करने पर धमकी भी दी। देर रात प्रोग्राम बंद होने के बाद जब वे अपने वाहन से घर लौट रहे थे तो रायगंज बंगला चौराहे पर घात लगाए श्रीराम व उसके साथियों ने उनकी गाड़ी रोक ली और ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। इस हमले में उनका गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई और उसे व साथी डांसर को चोटें आईं। युवती की तहरीर पर पुलिस ने श्रीराम व अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

दो बार पहले भी हुई है नर्तकियों से दरिंदगी
नर्तकियों से दो बार पहले भी दरिंदगी हो चुकी है। एक घटना गोरखपुर के एकला बंधे के पास और दूसरी कुशीनगर के कप्तानगंज क्षेत्र में हुई थी। पंजाब की रहने वाली दो युवतियां बांसगांव इलाके में किराये का कमरा लेकर रहती थी। दोनों 17 जुलाई की रात कुशीनगर में आयोजित आर्केस्ट्रा कार्यक्रम खत्म करने के बाद बांसगांव लौट रही थीं। बाइक से लौट रही युवतियों को एकला बंधे के पास जबरन उतारकर सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पांच आरोपितों के नाम सामने आए थे, इसके बाद पुलिस ने अगली सुबह ही मुख्य आरोपित नीरज जायसवाल को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया था। वह पुलिस की गोली से घायल हो गया था। इसके बाद ही अन्य आरोपित भी पकड़े गए थे।

वहीं, कुशीनगर के रामकोला स्थित थाना क्षेत्र के एक चौराहे पर स्थित एक मकान में घुसकर दो लग्जरी वहनों से आए मनबढ़ों ने असलहे के बल पर आर्केस्ट्रा में काम करने वाली दो नर्तकियों को अगवा कर लिया। इसके बाद रास्ते भर फायरिंग करते हुए नर्तकियों को कप्तानगंज क्षेत्र के सोहनी गांव ले गए और वहां सामूहिक दुष्कर्म किया था। लोगों की सूचना पर पीछा करते हुए पुलिस मौके पर पहुंच गई और नर्तकियों को छुड़ाकर छह आरोपियों को दबोच लिया था। आरोपियों में पांच गोरखपुर, जबकि एक कुशीनगर का रहने वाला था। आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप, अपहरण, हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया था।