सुनील ने आरोपियों के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराई
सादाबाद कोतवाली में न्यायालय के आदेश पर गांव सलेमपुर निवासी सुनील कुमार पुत्र छीतरिया ने गांव निवासी मालती, राजवीर, हंवीर, अरविंद, राजेश, लाला, जगदीश प्रसाद और समरवीर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इन सभी पर भूमि हड़पने के लिए फर्जी बैनामा कराने का आरोप लगाया गया है।

रिपोर्ट में सुनील ने कहा है कि उनकी सलेमपुर में जमीन है और वह उस पर काबिज हैं। यह भूमि उनकी सगी दादी स्व. हरिप्यारी देवी के नाम थी। दादी ने 20 अगस्त 1996 को एक पंजीकृत वसीयत उनके पिता छीतरिया एवं चाचा ओमप्रकाश के नाम बनाई थी। दादी का स्वर्गवास होने के बाद उनके पिता छीतरिया एवं चाचा ओमप्रकाश इस भूमि के स्वामी हो गए। उनके पिता की मृत्यु 20 मई 2002 को हो गई। इसके उपरांत मृतक छीतरिया के भाग के स्वामी वह, उनका भाई और उनकी मां हैं। 30 दिसंबर को उनके ही गांव की मालती अपने पुत्र राजवीर, हंवीर, अरविंद, राजेश, लाला को लेकर उनकी इस भूमि पर आई और अनाधिकार कब्जा करने एव उस पर निर्माण करने का प्रयास किया। यह लोग कूटरचित बैनामा दिखाने लगे।

जब उन्होंने तहसील जाकर जानकारी की तो पता चला कि नामजदों ने साजिश के तहत धोखाधड़ी से राजस्व कर्मियों से साठगांठ कर उनके पिता के स्थान पर इस भूमि में मिहीलाल का नाम दर्ज करा लिया और फर्जी बैनामा करा लिया। उन्होंने इस पर आपत्ति जताई तो आरोपियों ने घर में घुसकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।