वैन में एलपीजी किट की अनधिकृत फिटिंग, बिना फिटनेस के चल रही थी वाहन
कृष्णा पब्लिक स्कूल के बच्चों को महोई से लेकर जा रही एलपीजी किट लगी वैन जगतपुर के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। वैन में सवार सात बच्चे चुटहिल हो गए। पांच अन्य बच्चों के खरोंच आई। बिना फिटनेस की वैन में अनाधिकृत रूप से एलपीजी किट लगी हुई थी। एआरटीओ ने मौके पर जांच कर वैन का पंजीयन अस्थाई रूप से निलंबित कर दिया। स्कूल संचालक को नोटिस देकर तीन दिन में जवाब मांगा है।

कृष्णा पब्लिक स्कूल की वैन मंगलवार की सुबह गांव महोई से स्कूली बच्चों को बैठाकर सिकंदरपुर की ओर आ रही थी। सात बजे गांव जगतपुर के पास वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद महोई निवासी चालक मौके से भाग गया। बच्चों को वैन में फंसा देख गांव के लोगों ने सभी को बाहर निकाला। छात्र शुभ (9), प्राची उर्फ अनन्या मिश्रा(12), अंशू (10), प्रतीक(10), आयुषी (11) समेत सात बच्चे चुटहिल हो गए जबकि पांच बच्चों के खरोंच लगी थी। जानकारी मिलने पर अभिवावक मौके पर पहुंचे और बच्चों को नर्सिंग होम में उपचार के बाद घर ले गए।
सिकंदपुर चौकी इंचार्ज गजेंद्र सिंह पाल ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। बताया गया कि वैन का पंजीयन वर्ष 2018 का था। वह स्कूली वाहन में पंजीकृत नहीं थी। 19 अगस्त 2020 से वैन की फिटनेस नहीं कराई गई थी। एआरटीओ कार्यालय में वैन पेट्रोल में दर्ज है जबकि अनाधिकृत रूप से एलपीजी किट लगाकर नौनिहालों की जान से खिलवाड़ किया जा रहा था। गनीमत रही की एलपीजी टैंक नहीं फटा अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। सूचना पर एआरटीओ इज्या तिवारी मौके पर पहुंची और स्कूल प्रबंधक से फोन पर बात की।

एक बच्चा मेडिकल कॉलेज रेफर, किया सीटी स्कैन
गंभीर घायल अंशू मिश्रा (10) निवासी महोई, प्रतीक मिश्रा (10), आयुषी (11) निवासी नौली को इलाज के लिए अस्पताल ले गए। यहां प्रतीक मिश्रा के सर में गंभीर चोट होने के कारण तिर्वा मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। वहां सीटी स्कैन किया गया जबकि शुभ, प्राची आदि को निजी चिकित्सक के यहां प्राथमिक इलाज हुआ। हादसे की सूचना पर घायल छात्रों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और सभी बच्चों को साथ ले गए। वहीं, विद्यालय प्रबंधक ने बताया कि बच्चों को लाने ले जाने के लिए विद्यालय के पास कार है और न ही किसी को हायर किया है। अभिभावकों ने गांव से बच्चों को भेजने के लिए खुद ही कार को किराये पर कर रखा है।
Trending Video
हादसे के बाद प्रबंधक ने कर दी स्कूल की छुट्टी
जगतपुर में वैन पलटने की जानकारी मिलते ही प्रबंधक ने तत्काल स्कूल की छुट्टी कर दी। कई अभिभावक भी स्कूल पहुंच गए और बच्चों को घर ले आए। एआटीओ ने भी स्कूल जाकर जांच की तो मौके पर एक भी बच्चा नहीं मिला। ग्रामीणों ने बताया कि वैन की रफ्तार अधिक थी। गड्ढे में वैन का पहिया चला गया, जिससे वह अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद चालक महोई निवासी सानू मौके से भाग गया। जानकारी होने पर अभिभावक भी घटनास्थल पर पहुंच गए थे।
पांच दिन क्षेत्र में अभियान चलाने के निर्देश
शासन स्कूली वाहनों को लेकर बहुत गंभीर है। इस संबंध में प्रशासन की ओर से भी कड़े दिशा निर्देश दिए जा चुके है। उसके बाद भी स्कूल संचालक बच्चों के जीवन से खिलवाड़ करने से बाज नहीं आ रहे है। घटना के बाद एआरटीओ इज्या तिवारी ने पीटीओ सुनीता को पांच दिन तक पूरे क्षेत्र अभियान चलाकर कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।