मायके वालों का आरोप – दहेज के लिए ससुरालियों ने की हत्या
Amroha News : प्रेम विवाह के नौ माह बाद ससुराल में विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला। मायके वालों ने ससुरालियों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। संभल के केलादेवी थाना क्षेत्र के गांव निरयावली निवासी सुशीला ने करीब नौ माह पहले सैदनगली थाना क्षेत्र के गांव सांपा निवासी गौरव के साथ प्रेम विवाह किया था।

बृहस्पतिवार को सुशीला का शव ससुराल में ही फंदे से लटका मिला था। सूचना मिलते ही मायके वाले पहुंच गए। उन्होंने दहेज के लिए बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया। कहा कि जब से बेटी ने शादी की थी तब से ही ससुराल वालों ने दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था।

बेटी ने कई बार मोबाइल पर यह बात बताई थी। इसी के चलते उसकी हत्या कर दी गई है। पुलिस ने मायके वालों की शिकायत पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच की जा रही है। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि विवाहिता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।