फर्जी कस्टमर केयर नंबर का शिकार, ब्लिंकिट रिटर्न के बहाने खाते से निकले 40 हजार
ब्लिंकिट से आया सामान वापस करने का झांसा देकर एक व्यक्ति के खाते से 40 हजार रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित ने गूगल से कंपनी के कस्टमर केयर का नंबर सर्च किया था। यह साइबर अपराधी का निकला। उन्होंने सामान और रकम वापस करने का झांसा देकर व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजा। इसके बाद खाते से रकम निकाल ली।

मामले में थाना जगदीशपुरा में केस दर्ज हुआ है।नरसी विलेज, राजदरबार कालोनी निवासी नरेंद्र सिंह बाल्यान ने मुकदमा दर्ज कराया। इसमें कहा कि उन्होंने 2 फरवरी को ऑनलाइन शापिंग कंपनी ब्लिंकिट से घरेलू सामान मंगवाया था। इसमें दो सामान अतिरिक्त आए थे। उन्होंने सामान लाैटाने की प्रक्रिया जानने के लिए गूगल पर कस्टमर केयर का नंबर खोजा। इसमें एक नंबर मिल गया, जिस पर काॅल करने पर बात करने वाले ने खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताया। उसने बात करने के लिए दूसरा नंबर दिया। उन्होंने सामान वापस करने के बारे में बताया।

इस पर काॅल रिसीव करने वाले ने कहा कि कंपनी का प्रतिनिधि शाम तक सामान वापस ले जाएगा। इसके बाद रकम वापस करने के लिए कहने लगा। उसने व्हाट्सएप पर कुछ प्रक्रिया पूरी कराई, जिसमें मोबाइल पर एक लिंक भी भेजा गया। इसके बाद ही खाते से एक बार 39801 रुपये कट गए। कुछ देर बाद ही 1012 कट गए। बैलेंस कटने का मैसेज आने पर नरेंद्र सिंह के होश उड़ गए। उन्होंने अपना भारतीय स्टेट बैंक के खाते को ब्लाॅक करना चाहा, लेकिन तब तक रकम निकल चुकी थी। उन्होंने थाना जगदीशपुरा में ठगी की तहरीर दी। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।