सिविल लाइंस स्थित गुरुकुल में अफरा-तफरी, सात में से दो किशोर बरामद
बरेली के कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइंस स्थित आर्य समाज अनाथालय के गुरुकुल से बुधवार को सात किशोर लापता हो गए। इससे गुरुकुल में खलबली मच गई। शाम को किशोरों के परिवार वाले भी बरेली पहुंच गए। आर्य समाज अनाथालय के मंत्री ओमकार आर्य ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने किशोरों की तलाश शुरू की। देर रात दो किशोर मिल गए। अन्य दो की तलाश जारी थी।

आर्य समाज अनाथालय के मंत्री ओमकार आर्य का कहना है कि बुधवार सुबह गुरुकुल के आचार्य चंद्रगुप्त मौर्य सोकर उठे तो उन्होंने देखा की सात किशोर अपने कमरों में नहीं हैं। उनको गुरुकुल परिसर में तलाश किया गया, लेकिन कुछ पता नहीं लगा। किशोरों के परिवार वालों से संपर्क किया गया, लेकिन वह घर भी नहीं पहुंचे। लापता किशोरों में शाहजहांपुर के थाना सिंधौली के गांव विलंदपुर निवासी दक्ष कुमार (13), महरैय्या मुर्गी फार्म निवासी चंद्रसेन (14), चंद्रशेकर (12), निखिल (13), निशित (13), बदायूं के थाना उसावां के गांव निरंजन नगला निवासी ओम (14) और शिवा (14) शामिल हैं। इनमें चंद्रसेन और निशित को छोड़कर बाकी किशोर मिल गए।

इंस्पेक्टर अमित पांडेय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पांच किशोर मिल गए हैं। अन्य दो की रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर तलाश की जा रही है। किशोरों के संबंध में गुरुकुल प्रबंधन से भी जानकारी ली गई है। किशोरों को जल्द खोज लिया जाएगा।