कई दिनों की तलाश के बाद परिजनों ने दर्ज कराई गुमशुदगी रिपोर्ट
काकादेव पुलिस ने मंदबुद्धि को बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म करने के आरोप में तीन लोगों को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। थानाप्रभारी मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि काकादेव क्षेत्र की रहने वाले पति-पत्नी के बीच 15 दिन पहले विवाद हो गया था। इस बीच उनकी 20 वर्षीय मंदबुद्धि बेटी बिना बताए घर से चली गई। काफी खोजबीन के बाद दंपती ने काकादेव थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।

ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत लगे सीसीटीवी खंगाले तो युवती रावतपुर चौराहे से जाती हुई दिखी। पुलिस युवती की तलाश करते हुए जब पनकी स्थित एक धार्मिक स्थल पहुंची तो युवती वहां लंगर में खाना खाते हुए मिली। पुलिस उसे थाने ले आई। पूछताछ में उसने धार्मिक स्थल के आसपास रहने वाले तीन लोगों पर बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया।

पुलिस ने युवती की निशानदेही पर आवास विकास कल्याणपुर निवासी आशीष शर्मा, कानपुर देहात के रसूलाबाद के मालपुरवा निवासी राकेश कुमार सविता, सिद्धार्थनगर के गिलौरी बांशी निवासी महेश वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। आशीष मूल रूप से मेरठ के दियालतपुर का रहने वाला है। बाकी दोनों आरोपी धार्मिक स्थल के आसपास ही रहते हैं। पकड़े गए आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।