आसपास के लोगों ने जुटाई मदद, मलबे में दबे परिवार को अस्पताल भेजा, मां-बेटी की जान गई
मेरठ के लिसाड़ी गेट के लखीपुर में शुक्रवार को तेज आंधी चलने के दौरान मकान की छत गिर गई। जिसमें एक ही परिवार के छह लोग दब गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े। लोगों ने काफी मशक्कत के बाद परिवार को निकाल अस्पताल में भर्ती कराया। जहां मां व मासूम बेटी की मौत होना बताया गया है। बाकी अन्य परिवार के लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस के मुताबिक, रुखसार और उसकी नौ महीने की बच्ची माहिरा की मौत की पुष्टि डॉक्टर ने कर दी है। चार दिन पहले रुखसार का पड़ोसी के साथ दीवार ऊंची होने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप था कि पड़ोसी ने अपने मकान की दीवार ऊंची कर दी थी। जिसके गिरने की आशंका जताते हुए दोनों में विवाद हुआ था। मामला सुलझ गया था। इसके बावजूद किसी ने सुध नहीं ली।

शुक्रवार को तेज आंधी में पड़ोसी की दीवार रुखसार के मकान की छत पर गिर गई। जहां पर रुखसार अपने परिवार के पांच सदस्यों के साथ थी। छत गिरने से पूरा परिवार दब गया। आसपास के लोगों ने परिवार को निकाल लिया, लेकिन रुखसार और उसकी नौ महीने की बच्ची की इस हादसे में मौत हो गई। जानकारी लगने पर लिसाड़ी गेट और लोहिया नगर थाने की पुलिस के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। देर रात तक परिवार को समझने में पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी जुटे रहे।