प्रियंका का शव बंद कमरे में लटका मिला, माता-पिता के गांव जाने पर हुई घटना
ग्रेटर गंगा कॉलोनी में बीएसएनल से सेवानिवृत्त कर्मचारी की बेटी प्रियंका का शव बंद कमरे में लटका मिला। माता पिता बीते 12 अप्रैल को अपने पैतृक गांव गए हुए थे। घर से बदबू आने पर पड़ोसियों ने परिजनों और पुलिस को जानकारी दी। फोरेंसिक टीम ने जांच की।

महोबा जिले के एक गांव के मूल निवासी कांता प्रसाद शुक्ला बीएसएनल से सेवानिवृत्त हैं और गंगानगर डिवाइडर रोड स्थित ग्रेटर गंगा कॉलोनी में परिवार के साथ रहते हैं। दो बेटे बाहर नौकरी करते हैं। उनकी बड़ी बेटी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी। जानकारी के मुताबिक 12 अप्रैल को कांता प्रसाद और उनकी पत्नी महोबा स्थित अपने पैतृक गांव के लिए चले गए। घर में उनकी बेटी प्रियंका अकेली रह रही थी। बताया जा रहा है कि 2 -3 दिनों से घर में कोई हलचल नहीं थी। शुक्रवार से बदबू भी आ रही थी। पड़ोसियों ने कांता प्रसाद को जानकारी दी।

वहीं रात करीब 9 बजे सूचना पर गंगानगर थाना पुलिस पहुंची। मौके पर परिजन भी पहुंच गए। कमरे का दरवाजा तोड़ गया। कमरे में पंखे में बंधे दुपट्टे से प्रियंका का शव लटका हुआ था। शव पुराना होने के चलते गलना शुरू हो गया था। पुलिस ने किसी तरह शव को उतरा। मौके पर फोरेंसिक टीम ने जांच की। गंगानगर थाना पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि प्रियंका यूपीएससी की तैयारी कर रही थी। वही इस मामले में सीओ सदर देहात शिव प्रताप सिंह का कहना है कि सुसाइड नोट की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों से जानकारी की जा रही है।