सिर में लगी गोली, माथा छूते हुए निकली — बड़ा हादसा टला
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बेनीपुर और जंसा के कुंडरिया के बॉर्डर पर सोमवार रात नकाबपोश बदमाशों ने बाइक सवार युवक के सिर में गोली मारी। गोली माथे को छूते हुए गोली निकल गई। हमले में छोटा भाई बाल-बाल बच गया। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है।

थाना क्षेत्र के भटपुरवा गांव निवासी विजय पटेल के दो बेटे गोविंद व अरविंद रामनगर इंडस्ट्रियल एरिया में ड्यूटी करते हैं। दोनों भाई रात में बाइक से ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे। रात 9 बजे बेनीपुर व लक्षीरामपुर (कुंडरिया) थाना जंसा बार्डर पर पहुंचे थे कि नकाबपोश बदमाशों ने दोनों के चेहरे पर केमिकल फेंका और फायरिंग कर दी। जिसमे बाइक पर पीछे बैठे बड़े भाई गोविंद पटेल (38) के माथे को छूते हुए गोली निकल गई। इस बीच बदमाश भाग निकले। छोटे भाई की सूचना पर पहुंची मिर्जामुराद और जंसा पुलिस ने लहूलुहान हाल में गोविंद को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। उपचार में देरी होने के कारण गोविंद को निजी अस्पताल में ले जाया गया।

गोविंद के सिर में चार टांके लगाए गए हैं। थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि इस मामले की तफ्तीश की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।उधर, इस घटना को लेकर सरदार सेना मंगलवार को मिर्जामुराद थाना पहुंची और थाना प्रभारी सुधीर त्रिपाठी से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य गोविंद पटेल, राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य सुरेश वर्मा, प्रदेश कोर कमेटी सदस्य एवं बनारस प्रभारी घनश्याम पटेल, वाराणसी जिलाध्यक्ष अशोक पटेल, जिला संयोजक अमन पटेल मौजूद रहे।