अनस ने आत्महत्या से पहले वीडियो में मोहल्ले के तीन लोगों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया
नगर की मदीना कॉलोनी निवासी अनस (19) ने मौत से पहले वीडियो बनाई और उसे वायरल कर दिया। इसके बाद पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसने अपने मोहल्ले के रहने वाले तीन लोगों पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया और उन्हें अपनी मौत का जिम्मेदार बताया।

थाना सिविल लाइन क्षेत्र के गांव सरवट की मदीना कॉलोनी में रहने वाला युवक अनस नगर में एक डॉक्टर के क्लीनिक पर कंपाउंडर था। बुधवार दोपहर उसका शव शहर कोतवाली के गांव बामनहेडी के जंगल में रेलवे स्टेशन के पास पेड़ पर लटका मिला। युवक के आत्महत्या करने के बारे में जानकारी पाकर परिजन उसके मोबाइल की लोकेशन के आधार पर मौके पर पहुंचे। वह पेड़ पर लटके शव को उतार कर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को घर गए। थाना सिविल लाइन पुलिस बाद में अस्पताल पहुंची थी। इसके बाद थाना सिविल लाइन व शहर कोतवाली पुलिस मृतक के घर पहुंची।

मौत से पहले अनस से वीडियो बनाकर किया वायरल
युवक ने वीडियो में कहा कि उसका एक युवती से प्रेम चल रहा था। काफी प्रयासों से दोनों के परिजन मान गए थे। दस बारह दिन पहले रिश्ता हुआ था। पिछले साल वह आचार संहिता के मामले में पकड़ा गया था। तब पिछली बार प्रधान का चुनाव लड़ने वाले सराफत की बैठक में फैसला हुआ था। वहां पर सराफत, उसका दोस्त दिलशाद व नौशाद भी था। उन्होंने पुलिस के साथ उसकी वीडियो बनाई। अब तीनों अफवाह फैला रहे है कि वह एक युवती के साथ पकड़ा गया था। उसे पुलिस को दे दिया गया था। पुलिस के सामने फैसला हुआ था। यह सब झूठ है। इसके बाद उसका रिश्ता टूट गया था। वह इन लोगों के बदनाम करने से परेशान हो गया है। वह मरने जा रहा है। तीनों लोग उसकी मौत के जिम्मेदार हैं। उसके घरवालों का कोई दोष नहीं है। उधर, शव पहुंचते ही घर पर सैकड़ों लोगों की भीड़ लग गई थी।
वीडियो और लोकेशन भेजने पर दौड़े परिजन
अनस तीन भाइयों व एक बहन में सबसे बड़ा था। उसने वीडियो को वायरल कर अपने खानदानी भाई छपार के गांव खामपुर निवासी नदीम व मदीना कॉलोनी निवासी चाचा साजिद को भेजी थी। नदीम की सूचना पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। उधर, साजिद ने अनस से बात की तो उसने मोबाइल की लोकेशन भेज दी थी। परिजन पुलिस से पहले मौके पर पहुंच गए थे। मृतक के चाचा साजिद ने बताया कि वह मोबाइल की लोकेशन मिलने पर पहुंचे थे।