विवाद के बीच सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, करणी सेना की गतिविधियों से बढ़ा तनाव
आगरा के खेरागढ़ में एक कार्यक्रम में जा रहे सपा सांसद रामजी लाल सुमन के काफिले को करणी सेना के लोगों ने रोका दिया। ओकेंद्र राणा ने जारी किया फेसबुक पर वीडियो।

गमी में शामिल होने पहुंचे सांसद रामजीलाल सुमन का विरोध
जानकारी के अनुसार सांसद रामजीलाल सुमन शुक्रवार शाम को खेरागढ़ में लाला अस्थाना और सुरेंद्र तोमर के यहां शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे थे। इसकी सूचना पर करणी सेना के कुछ कार्यकर्ता रामजीलाल सुमन के काफिले के नजदीक पहुंच गए और उन्होंने मुर्दाबाद के नारे लगाए। सूचना पर पहुंची पुलिस उनको हिरासत में लेकर थाने ले आई और कुछ घंटे बाद छोड़ दिया गया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि विवेक सिकरवार ने नारेबाजी की थी, जिसको थाने लाया गया था। शाम को छोड़ दिया। कोई भी भीड़ नहीं थी।

सपा सांसद को अलीगढ़ जाने से रोका, पुलिस से नोकझोंक
अलीगढ़ जा रहे सपा के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन को पुलिस ने सुरक्षा का हवाला देते हुए रोक दिया। इस पर सांसद भड़क गए और पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई। विरोध में कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठ गए। सांसद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए घर में नजरबंद करने का आरोप लगाया। उन्होंने इसे लोकतंत्र की हत्या बताया। अलीगढ़ में दलित युवकों के साथ मारपीट की वारदात पर सांसद समर्थकों के साथ उनसे मिलने जा रहे थे। उनके आवास पर करीब सुबह 10.30 बजे बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी पहुंच गए। सांसद को नोटिस देते हुए कहा कि आपकी सुरक्षा को देखते हुए अलीगढ़ जाने की अनुमति नहीं है। इस पर पुलिस अफसर और सांसद के बीच तीखी नोकझोंक हुई। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर दी। इससे कार्यकर्ता भड़क गए और आवास पर ही धरना देकर योगी सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।

तुम आधे नेता हो, हमला करने वालों का करो इंतजाम
अलीगढ़ जाने से रोकने पर सांसद सुमन ने पुलिस अफसर पर टिप्पणी करते हुए कहा कि आप आधे नेता और पुलिस हो। आपका भविष्य उज्जवल है। साथ ही उन पर भड़कते हुए कहा कि आप हमें रोक रहे हो, हमारी सुरक्षा का इंतजाम कर रहे हो तो हमलावरों का इंतजाम क्यों नहीं कर सकते। इस पर पुलिस अफसर ने कहा कि उन पर भी कार्रवाई हुई है।