पुलिस हिरासत में सनसनी: थाने के अंदर युवक ने गला काटा, पुलिस ने सच्चाई से किया इनकार
यूपी के रामपुर स्थित पटवाई थाना पुलिस की हिरासत में आरोपी ने थाने के अंदर धारदार चीज से गला काट लिया। खून से लथपथ होने पर थाने में हड़कंप मच गया। आनन-फानन पुलिसकर्मी निजी कार से घायल को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है। लेकिन, पुलिस थाने के अंदर गला काटने वाली बात से इनकार कर रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के गले में कोई नुकीली चीज लगी है। जिससे वह घायल हुआ है।

काशीराम ने साढ़ू को मारा चाकू
जानकारी के मुताबिक, रुद्रपुर निवासी काशीराम पटवाई क्षेत्र के सहेवियां गांव में अपने साढ़ू ओम प्रकाश के घर पर होली से रह रहा था। तीन दिन पूर्व शुक्रवार को रुपयों के लेनदेन को लेकर काशीराम का अपने साढ़ू से विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया था कि काशीराम ने साढ़ू ओम प्रकाश के गले पर चाकू से हमला कर दिया था। जिससे वह घायल हो गए थे। सूचना के बाद पुलिस ने घायल को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेज दिया था।

थाने के कमरे में काटा गला
इसी मामले में रविवार को पुलिस पीड़ित की तहरीर के आधार आरोपी काशीराम को पकड़कर थाने ले आई थी। चर्चा है कि रविवार शाम सात बजे के दौरान काशीराम ने थाना कार्यालय के एक कमरे में अपना गला किसी धारदार चीज से काट लिया। गला काटने के बाद काशीराम के गले से खून बहने लगा। रक्तरंजित हालत में युवक को देखकर पुलिस के होश उड़ गए। मौके पर चौकीदार पानी से फर्श पर जमे हुए खून को साफ करता हुआ देखा गया। थाना परिसर में भी कई जगह खून के निशान देखे गए। थाने में चर्चा यह है कि काशीराम ने थाना कार्यालय के अंदर खुद के ही चाकू से गला काट लिया। जिसे पुलिस रामपुर अस्पताल ले जा रही थी।
कार का दरवाजा खोलकर बाहर भागा घायल
बताया जा रहा है कि पुलिस कर्मी जब घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जा रहे थे तो वह रास्ते में पटवाई कस्बे में ही कार से बाहर निकल आया और एक मेडिकल स्टोर के सामने गिर गया था। यहां भी देखने वालों को भीड़ जुट गई थी। घायल पुलिसकर्मियों के हाथ जोड़ रहा था। इस घटना को देखने वालों की भीड़ जुटी थी। खैर, पुलिस कर्मी किसी तरह से उसे दोबारा कार पर बैठाए और जिला अस्पताल लेकर गए थे।

थानाध्यक्ष बोले, काशीराम को भागते समय कुछ लग गया
पटवाई थानाध्यक्ष संदीप मिश्र ने बताया कि काशीराम का विवाद दो दिन पहले इसके साढ़ू ओम प्रकाश से हुआ था। घायल काशीराम नशा भी करता है। रविवार को ओम प्रकाश तहरीर लेकर आया था। ओम प्रकाश ने अपने साढ़ू काशीराम के खिलाफ तहरीर दी थी। ओम प्रकाश आरोपी काशीराम को साथ ले आया था। इस दौरान दोनों में विवाद हो गया। विवाद के दौरान काशीराम भागा था। भागते समय उसके गले में कोई नुकीली चीज लगी है। थानाध्यक्ष ने कहा कि काशीराम ने थाने के अंदर अपने को घायल नहीं किया है। वह भागते समय मेडिकल स्टोर के सामने गिरा था। फिलहाल, घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।